बस्तर की बेटियों के लिए बेंगलुरु में नौकरी का मौका, आईफोन बनाने वाली कंपनी करेगी भर्ती, 10वीं पास युवतियां भी कर सकेंगी आवेदन…….

जगदलपुर- बस्तर की बेटियों के लिए रोजगार के क्षेत्र में एक अच्छी खबर है. अब उन्हें देश की प्रतिष्ठित आईफोन निर्माण कंपनी में काम करने का अवसर मिल सकता है. बेंगलुरु स्थित आईफोन निर्माण करने वाली कंपनी में असेंबली ऑपरेटर के पदों पर भर्ती के लिए 26 नवंबर को जगदलपुर में विशेष रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है. खास बात यह है कि इस भर्ती अभियान में केवल बस्तर जिले की युवतियों को ही शामिल होने का मौका मिलेगा.

जिला कौशल विकास प्राधिकरण के सहायक संचालक के अनुसार इस पहल का उद्देश्य जिले की शिक्षित युवतियों को रोजगार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान करना है. भर्ती के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास निर्धारित की गई है. यानी 10वीं कक्षा उत्तीर्ण युवतियां भी इस अवसर का लाभ उठा सकती हैं.

इच्छुक एवं पात्र युवतियों को 26 नवंबर गुरुवार को सुबह 10 बजे आड़ावाल स्थित जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज, जगदलपुर पहुंचना होगा. यहां आयोजित रोजगार मेले के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाएगी. प्रशासन ने जिले की पात्र युवतियों से अपील की है कि वे अपने आवश्यक शैक्षणिक एवं अन्य दस्तावेजों के साथ निर्धारित समय पर पहुंचें और इस अवसर का लाभ उठाएं. बस्तर की युवतियों के लिए तकनीकी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनी से जुड़ने और रोजगार के नए रास्ते खोलने का यह एक महत्वपूर्ण अवसर हो सकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles