बस्तर के वनांचल में ग्राम सभा की बड़ी पहल, अब गांव में ही बनेंगे दोना-पत्तल, ग्रामीणों को मिलेगा रोजगार…….

जगदलपुर- बस्तर के सुदूर वनांचल में अब जंगल के संसाधन ग्रामीणों की आजीविका का नया आधार बनेंगे. जगदलपुर से करीब 50 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम बामनारास में ग्रामीणों की सामूहिक पहल से दोना-पत्तल निर्माण केंद्र की शुरुआत की गई है. खास बात यह है कि इस केंद्र का संचालन किसी निजी संस्था या व्यक्ति के हाथों में नहीं, बल्कि ग्राम सभा स्वयं करेगी. इससे गांव में स्थानीय रोजगार के अवसर विकसित होने के साथ सामुदायिक वन संसाधनों के संरक्षण और उनके बेहतर उपयोग को भी बढ़ावा मिलेगा.

दरअसल ग्राम बामनारास को सामुदायिक वन संसाधन अधिकार (CFR) मिलने के बाद ग्राम सभा ने जंगलों के संरक्षण के साथ-साथ उनसे स्थायी आजीविका के साधन विकसित करने का संकल्प लिया था. इसी सोच के तहत ग्रामीणों ने स्थानीय वन संसाधनों पर आधारित दोना-पत्तल निर्माण और उसके विपणन का निर्णय लिया. करीब एक साल तक सामूहिक प्रयास और तैयारियों के बाद आखिरकार गांव में निर्माण केंद्र स्थापित हो गया है. इसका उद्घाटन आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त जी.आर. शोरी ने किया. उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जी.आर. शोरी ने ग्राम सभा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बामनारास जैसे दूरस्थ वनांचल में ग्रामीणों का जागरूक होकर अपने प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और आजीविका के लिए स्वयं निर्णय लेना सराहनीय है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि आदिवासी विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से गांव को आगे भी सहयोग दिया जाएगा. साथ ही धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष योजना जैसी योजनाओं का लाभ भी गांव तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा.

इस केंद्र की खासियत यह है कि इसकी स्थापना से लेकर मशीन की खरीद तक ग्राम सभा, आदिवासी विकास विभाग और ATREE संस्था ने मिलकर योगदान दिया है. डीसीबी बैंक के आर्थिक सहयोग से ATREE संस्था ग्राम सभा को तकनीकी मार्गदर्शन और प्रशिक्षण उपलब्ध करा रही है. इसमें केंद्र के संचालन, उत्पादन लागत तय करने, बिक्री मूल्य निर्धारित करने, बाजार की संभावनाएं तलाशने और जरूरी दस्तावेज तैयार करने में सहयोग दिया जा रहा है.

आत्मनिर्भर गांव की दिशा में बढ़ते कदम

इस पहल का उद्देश्य महज दोना-पत्तल का निर्माण करना नहीं है, बल्कि ग्राम सभा को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और सामुदायिक वन संसाधनों के बेहतर प्रबंधन का उदाहरण पेश करना भी है. स्थानीय संसाधनों पर आधारित इस पहल से ग्रामीणों को गांव में ही रोजगार के अवसर मिल सकेंगे. साथ ही सामूहिक भागीदारी के जरिए गांव की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है.

कार्यक्रम में सामुदायिक वन संसाधन प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं सचिव सहित समिति के सदस्य सोनू नाग, दशरथ नाग, रामगंगा, दशमू, मुरा, रायधर, गोकुल, लच्छन्देई, बुधरी, पार्वती, सताय, बालमती, आयती और धनसाय समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे. अन्य गांवों से तुलाराम, कान्दरु, गलगू, पाकलू और घासी भी कार्यक्रम में शामिल हुए. वहीं ATREE संस्था के कार्यकर्ताओं की भी उपस्थिति रही.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles