जगदलपुर- बारिश के मौसम में बस्तर के जलप्रपात अपने पूरे शबाब पर रहते हैं. हरियाली, पहाड़ और उफनते झरनों की खूबसूरती हर साल लाखों पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करती है. लेकिन इसी खूबसूरती के बीच जरा सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है. ऐसा ही एक मामला बस्तर के कांगेर वैल्ली नेशनल पार्क में मौजूद मशहूर तीरथगढ़ जलप्रपात में सामने आया है. जहां तेज रफ्तार और कथित रूप से शराब के नशे में कार चला रहे युवकों की टाटा टियागो अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकराकर हादसे का शिकार हो गई. हादसे के बाद कार जलप्रपात के ऊपरी हिस्से में चट्टानों के सहारे फंस गई. गनीमत रही कि कार गहरी खाई में नहीं गिरी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था.
जानकारी के अनुसार रायपुर क्षेत्र निवासी चार युवक टाटा टियागो कार से तीरथगढ़ घूमने जा रहे थे. इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर पहले पुलिया के सुरक्षा रेलिंग से टकरा गई और दूसरी दफा जलप्रपात के सुरक्षा रेलिंग को तोड़कर नीचे गिरी. और जलप्रपात के ऊपरी हिस्से में चट्टानों के बीच जाकर फंस गई. हादसे में कार सवार चारों युवक घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिक और दरभा पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए दरभा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया. प्राथमिक उपचार के बाद सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा शराब के नशे में वाहन चलाने के कारण हुआ. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
बारिश के मौसम में तीरथगढ़ सहित बस्तर के चित्रकोट, मेंद्रीघूमर और अन्य जलप्रपात उफान पर रहते हैं. प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने के लिए यहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं. ऐसे में प्रशासन लगातार पर्यटकों से सावधानी बरतने, सुरक्षा नियमों का पालन करने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील करता रहा है. यह हादसा भी यही संदेश देता है कि पर्यटन का आनंद तभी सुरक्षित है, जब जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ यात्रा की जाए.