जगदलपुर. शहर के आकाश नगर, राजीव गांधी वार्ड स्थित श्री नर्मदेश्वर मंदिर में सावन माह के पावन अवसर पर आयोजित सावन झूला उत्सव श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में क्षेत्र की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए भगवान शिव के प्रति अपनी अगाध आस्था और भक्ति प्रकट की. मंदिर परिसर में फूलों और झालरों से भव्य रूप से सजाए गए सावन झूले पर महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ झूला झूलते हुए सावन के लोकगीतों और शिव भजनों की सुमधुर प्रस्तुतियां दीं, जिससे संपूर्ण वातावरण शिवभक्ति के आनंद में डूब गया.

सावन के इस पवित्र महीने में श्री नर्मदेश्वर मंदिर में प्रतिदिन श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है. मंदिर में नियमित रूप से चारों पहर की विशेष पूजा, रुद्राभिषेक और महाआरती का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें दूर-दूर से पहुंचे भक्त पुण्य लाभ कमा रहे हैं. मंदिर समिति की महिला सदस्यों के अनुसार सावन माह देवों के देव महादेव की साधना के लिए अत्यंत फलदायी माना जाता है, और इसी समृद्ध परंपरा को अक्षुण्ण रखने के लिए हर वर्ष इस तरह के सांस्कृतिक अनुष्ठान आयोजित किए जाते हैं. आयोजन के दौरान मंदिर प्रांगण में श्रद्धा, भक्ति और सावन के उल्लास का एक अद्भुत और विहंगम दृश्य देखने को मिला.