माचकोट के जंगलों में पेड़ों को छलनी कर अवैध कब्जे की कोशिश नाकाम, 13 अतिक्रमणकारी गिरफ्तार होकर पहुंचे जेल

जगदलपुर. बस्तर के जंगलों पर अवैध कब्जे की नीयत से पेड़ों को सुखाने और वन भूमि को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ वन विभाग ने कार्रवाई की है. माचकोट परिक्षेत्र में पेड़ों की गर्डलिंग करने यानी तना छीलकर उन्हें सुखाने और वन भूमि पर कब्जा जमाने का प्रयास कर रहे 13 आरोपियों को वन अमले ने गश्त के दौरान रंगे हाथों धर दबोचा. वन विभाग की इस सख्त कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ वन अपराध दर्ज कर अदालत के आदेश पर उन्हें सीधे केंद्रीय जेल जगदलपुर भेज दिया गया है.

​वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मुख्य वन संरक्षक जगदलपुर वृत्त स्टायलो मंडावी के मार्गदर्शन और वनमण्डल अधिकारी बस्तर दीपेश कपिल के निर्देश पर माचकोट रेंज में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान उप वनमण्डलाधिकारी जगदलपुर योगेश रात्रे की निगरानी में परिक्षेत्र अधिकारी माचकोट प्रकाश देहारी और उनकी टीम उप-परिक्षेत्र पूलचा के ग्राम गुरु गोठान के आसपास गश्त कर रही थी. तभी वन अमले को देखते ही वहां पेड़ काट रहे और कब्जा कर रहे लोगों में हड़कंप मच गया, लेकिन पूरी टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए मौके से ही 13 लोगों को घेरकर हिरासत में ले लिया.

​पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ तुरंत वैधानिक औपचारिकताएं पूरी की गईं और सक्षम न्यायालय में पेश करने के बाद उन्हें जेल दाखिल कराया गया. वन विभाग ने साफ लहजे में चेतावनी दी है कि प्राकृतिक संपदा को नुकसान पहुंचाने या वन भूमि पर बुरी नजर डालने वाले किसी भी तत्व को बख्शा नहीं जाएगा और क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए आगे भी इसी तरह कठोर कानूनी कदम उठाए जाते रहेंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles