बस्तर- अब बस्तर के आसमान में विकास की एक नई उड़ान भरने की तैयारी शुरू हो गई है. दशकों से बेहतर हवाई कनेक्टिविटी का इंतजार कर रहे बस्तर के लोगों के लिए बड़ी खबर सामने आई है. बस्तर में आधुनिक ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट विकसित करने की दिशा में शासन स्तर पर कवायद शुरू कर दी गई है. इसके लिए जिला प्रशासन से उपयुक्त जमीन चिन्हित कर उसकी विस्तृत जानकारी मांगी गई है. खास बात यह है कि प्रस्तावित एयरपोर्ट के लिए करीब 979 एकड़ जमीन की जरूरत होगी. यदि यह योजना धरातल पर उतरती है, तो बस्तर की हवाई कनेक्टिविटी को नई दिशा मिलने के साथ पर्यटन, व्यापार और औद्योगिक विकास को भी बड़ा फायदा मिल सकता है.
दरअसल छत्तीसगढ़ में हवाई सेवाओं के विस्तार और दूरस्थ इलाकों को देश के प्रमुख शहरों से जोड़ने के उद्देश्य से विमानन संचालनालय, नवा रायपुर ने राज्य के विभिन्न जिलों में नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के लिए संभावित स्थलों की तलाश शुरू कराई है. भारत सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्रालय की पहल पर भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण यानी एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा चिन्हित जमीनों का निःशुल्क पूर्व-व्यवहार्यता अध्ययन और ओएलएस सर्वे किया जाएगा. इसी कड़ी में बस्तर जिला प्रशासन से भी उपयुक्त स्थलों की जानकारी मांगी गई है.
प्रशासन को संभावित जमीन का ग्राम, तहसील, निकटतम शहर से दूरी, कुल रकबा, खसरा नंबर, भू-अभिलेख और जीपीएस लोकेशन सहित विस्तृत रिपोर्ट तैयार करनी होगी. साथ ही जमीन शासकीय है या निजी, वन भूमि है या राजस्व भूमि, इसकी जानकारी भी देनी होगी. जमीन अतिक्रमण, विवाद और निर्माण से मुक्त होनी चाहिए. इसके अलावा आसपास की पहाड़ियों, ऊंची इमारतों, मोबाइल टावर और हाईटेंशन बिजली लाइनों जैसी संभावित बाधाओं का भी आकलन किया जाएगा.
सबसे खास बात यह है कि प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के लिए करीब 396 हेक्टेयर यानी लगभग 979 एकड़ जमीन की आवश्यकता निर्धारित की गई है. इसमें 2400 मीटर लंबा और 45 मीटर चौड़ा रनवे बनाया जाना प्रस्तावित है. सुरक्षा मानकों के अनुसार रनवे के आसपास पर्याप्त खाली जमीन और दोनों सिरों पर न्यूनतम 1000-1000 मीटर का अतिरिक्त क्षेत्र भी जरूरी होगा. इसके साथ ही सड़क, रेल, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता भी देखी जाएगी.
बस्तर जैसे आदिवासी और पर्यटन संभावनाओं से भरपूर क्षेत्र के लिए यह पहल काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है. चित्रकोट जलप्रपात, तीरथगढ़, कांगेर घाटी और बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति को देखने हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं. ऐसे में यदि यहां आधुनिक ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का निर्माण होता है, तो देश के अलग-अलग हिस्सों से बस्तर पहुंचना पहले की तुलना में आसान हो सकता है. हालांकि फिलहाल यह जमीन चिन्हांकन और सर्वेक्षण की शुरुआती प्रक्रिया है, एयरपोर्ट निर्माण को लेकर अभी अंतिम निर्णय होना बाकी है.