जगदलपुर (डेस्क) – खेल और प्रतिभा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से, जोन स्तरीय बस्तर ओलंपिक का मधोता में शानदार और उत्साहपूर्ण आगाज़ हुआ. क्षेत्र की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने वाले इन खेलों का उद्घाटन, जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र क्रमांक 05, शंकुतला कश्यप ने मुख्य अतिथि के रूप में फीता काटकर किया. इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और युवा खिलाड़ियों का उत्साह देखने को मिला.
खेल नही, भविष्य का निर्माण : शकुंतला कश्यप
उद्घाटन के बाद खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए, शंकुतला कश्यप ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा, “खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य को ही बेहतर नहीं बनाते, बल्कि ये अनुशासन, समर्पण और सबसे महत्वपूर्ण, टीम वर्क की भावना भी सिखाते हैं.”

उन्होंने बस्तर के युवाओं की प्रतिभा पर गर्व व्यक्त करते हुए आगे कहा, “बस्तर के युवाओं में कई विधाओं में प्रतिभा कूट-कूट कर भरी है. खेल एक ऐसा माध्यम है जो व्यक्ति के मानसिक और शारीरिक विकास के साथ-साथ नाम कमाने और रोजगार के शानदार अवसर भी देता है. मेरा सभी खिलाड़ियों से आग्रह है कि वे पूरी निष्ठा से खेलें और अपने क्षेत्र का नाम रोशन करें.”
12 ग्राम पंचायतों के खिलाड़ी हुए शामिल
मधोता जोन में आयोजित इस ओलंपिक में 12 ग्राम पंचायतों—बोदरा, भैंसगाव, रोतमा, खोटलापाल, बडेचकवा नदी सागर, बोडनपाल-1, झारतरई, लामकेर, मधोता, कुंडगुडा, सालेमेटा और भोंड—के प्रतिभागियों और ग्रामीण खिलाड़ियों ने जोश के साथ हिस्सा लिया. विभिन्न प्रतियोगिताओं में ये प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करेंगे.
इस अवसर पर जनपद सदस्य समली कश्यप, बस्तर भाजपा मंडल अध्यक्ष सुखदेव मंडावी, मधोता 01 सरपंच कलावती नाग, मधोता 02 सरपंच ईस्पर मंडावी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित थे, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया.
उद्देश्य : इस विशाल आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना, उनकी प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर तक ले जाने के लिए निखारना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का माहौल बनाना है.