नवीन कश्यप, सुकमा- छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है. दुर्गम जंगलों में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटक सामग्री का बड़ा डम्प बरामद किया गया है. इस कार्रवाई में 8 देशी हथियार, अलग-अलग हथियारों के 229 जिंदा कारतूस, एक टिफिन आईईडी, हैंड ग्रेनेड, डेटोनेटर और बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री सहित कुल 36 तरह की सामग्री बरामद की गई है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आत्मसमर्पित नक्सलियों से प्राप्त महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर 25 नवंबर को थाना चिंतलनार क्षेत्र के गुण्डराजगुड़ेम एवं रासापल्ली के जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्चिंग और एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया गया. जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने इस अभियान के दौरान रासापल्ली के जंगलों में नक्सलियों द्वारा पहले से छिपाकर रखा गया डम्प खोज निकाला.
AK-47 से लेकर INSAS तक के 229 कारतूस बरामद
बरामद सामग्री में दो सिंगल शॉट राइफल और छह भरमार बंदूक सहित कुल आठ देशी हथियार शामिल हैं. इसके अलावा AK-47 के 98, SLR के 49, INSAS के 35, .303 के 30, 9 एमएम के 13 और 12 बोर के चार कारतूस बरामद किए गए हैं. इस तरह कुल 229 जिंदा कारतूस सुरक्षा बलों के हाथ लगे हैं.
टिफिन बम, हैंड ग्रेनेड और डेटोनेटर भी मिले
हथियारों और कारतूसों के अलावा एक टिफिन आईईडी (10 से 12 किलोग्राम, वायर रहित अवस्था में), तीन हैंड ग्रेनेड, चार देशी तीर बम और 10 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर भी बरामद किए गए हैं. मौके से अलग-अलग हथियारों की मैगजीन, बीजीएल सेल, वायरलेस सेट, बैटरियां, लगभग 50 मीटर कोडेक्स वायर, करीब 5 किलो गन पाउडर और अन्य सामग्री भी मिली है. इसके साथ ही नक्सली वर्दियां, पिट्ठू बैग, वायरलेस उपकरण, दवाइयां और नक्सली साहित्य भी बरामद किया गया है.