जगदलपुर। शहर के वृंदावन कॉलोनी में सर्राफा व्यापारी के ऊपर गोली से हमला कर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले 1 अन्य फरार लुटेरे को बस्तर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। लूट मामले में शामिल 5 आरोपियों को बस्तर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं 1 आरोपी फरार है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 1 मोटरसाइकिल व 83 ग्राम सोना बरामद किया गया है। वहीं इससे पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 470 ग्राम सोना, 2 मोटरसाइकिल, 1 पिस्टल सहित 10 हजार रुपये नगद बरामद किया था।

जानकारी देते हुये बस्तर एएसपी ओपी शर्मा ने बताया कि मोटरसाइकिल से लूट की वारदात को अंजाम देकर आरोपी ओड़िसा की ओर भाग गए थे। जिन्हें पकड़ने के लिए बस्तर पुलिस की एक विशेष टीम गठित कर उड़ीसा रवाना किया गया था। जहां से टीम ने पहले 4 आरोपी को गिरफ्तार किया था। और आज 1 अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। वहीं फरार 1 आरोपी की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपी मनी प्रधान ग्राम मुण्डपाल जिला जाजपुर उड़ीसा का निवासी हैं। जिसके खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर न्यायिक रिमांड में भेजा गया है।
दरअसल 18 जुलाई की शाम व्यापारी संजय मार्केट से अपनी ज्वेलरी शॉप को बंद कर हाथ में बैग लेकर अपने घर वृंदावन कॉलोनी लौट रहा था। इसी दौरान 3 मोटरसाइकिल में पहुंचे लुटेरों ने बंदूक की नोक पर व्यापारी से पहले लूटपाट की जिसके बाद व्यापारी के ऊपर गोली से हमला भी कर दिया था।