बीजापुर- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के बीच पुलिस को एक ही दिन में दो बड़ी सफलताएं मिली हैं. भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के बड़ेपल्ली जंगल में जमीन के अंदर छिपाकर रखी गई 39 लाख 77 हजार रुपये की नकदी बरामद की गई है. वहीं दूसरी ओर ओडिशा में सक्रिय 13 लाख रुपये के इनामी दो माओवादी कैडरों ने हिंसा का रास्ता छोड़ बीजापुर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है. आत्मसमर्पण करने वालों में एक महिला माओवादी भी शामिल है.
जमीन के अंदर स्टील के डिब्बे में छिपा था कैश
पुलिस को 24 नवंबर को बड़ेपल्ली के जंगल में संदिग्ध सामग्री छिपाकर रखे जाने की सूचना मिली थी. जिसके बाद संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान चलाया. तलाशी के दौरान जमीन के अंदर बोरी में रखा स्टील का डिब्बा मिला. इसके भीतर टेप से लिपटे पैकेटों में 500-500 रुपये के नोट रखे थे. गिनती करने पर कुल 39,77,000 रुपये बरामद हुए.
13 लाख के इनामी दो माओवादियों ने किया सरेंडर
इसी दिन बीजापुर पुलिस के सामने ओडिशा में सक्रिय दो माओवादी कैडरों ने आत्मसमर्पण किया. इनमें नागमणी कुड़मे उर्फ शीला (32), जो CyPCM रैंक पर सक्रिय थी और जिस पर 8 लाख रुपये का इनाम था, जबकि गंगा सोढ़ी उर्फ सोनू (26) ACM रैंक पर सक्रिय था और उस पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था. पुलिस के मुताबिक दोनों लंबे समय से माओवादी संगठन में सक्रिय थे और छत्तीसगढ़ व ओडिशा की कई हिंसक घटनाओं में शामिल रहे हैं.
