जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी)। बस्तर पुलिस ने बीते 5 दिनों में पूरे जिले से सैकड़ों जुआरियों को जुआ खेलते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन जुआरियों के पास से लाखों रुपये भी जब्त किया है।
बता दें कि, दीपावली पर्व के दौरान पुलिस के द्वारा जिले में जुआ और सट्टा के खिलाफ एक विशेष अभियान का आगाज किया गया। इस अभियान के दौरान शिकायतकर्ताओं से पुलिस को जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से लगातार जुआ खेलने की शिकायतें मिल रही थी। इसी क्रम में शिकायतें मिलते ही बस्तर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से पुलिस 184 जुआरियों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी जुआरियों के पास से लगभग 2 लाख 87 हजार रुपये से अधिक नगद भी जब्त किया है। पुलिस ने इन सभी जुआरियों के खिलाफ विभिन्न थानों में जुआ एक्ट की धारा 13 के तहत मामला दर्ज करते हुए आवश्यक कार्रवाई की है।