यूपी के युवक को ओडिशा से बस पकड़ना पड़ा भारी, बैग से निकला ऐसा सामान कि सीधे पहुंचा जेल!

जगदलपुर. छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर मादक पदार्थों की अंतरराज्यीय तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को सफलता हाथ लगी है. मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर धनपुंजी आरटीओ नाका के पास बस का इंतजार कर रहे एक संदिग्ध युवक को घेराबंदी कर धर दबोचा गया. तलाशी लेने पर युवक के पिठ्ठू बैग से जो सामान बरामद हुआ, उसने सीमा पार चल रहे अवैध नशीले पदार्थों के काले कारोबार की पोल खोल कर रख दी.

​पूछताछ में पकड़ा गया आरोपी उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर जिले के बिल्हौर का निवासी निकला. वह ओडिशा से अवैध मादक पदार्थ गांजे की खेप खरीदकर उसे बस के जरिए उत्तर प्रदेश सप्लाई करने की फिराक में था. पुलिस ने आरोपी के पास से एक पैकेट में रखा करीब 3 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है. गांजे के अलावा उसके पास से एक मोबाइल फोन और नकद रुपये भी जप्त किए गए हैं.

​पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर उसे मौके से ही गिरफ्तार कर लिया. न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles