सुकमा (नवीन कश्यप). जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ सुकमा पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है. इसी अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने बीते कल शनिवार को दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए गांजा बिक्री के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 2.780 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 37 हजार रुपये बताई गई है. दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है.
पुलिस के अनुसार, एसपी मयंक गुर्जर के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज तिर्की और एसडीओपी सुकमा मनीष कुंवर के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से गांजा बिक्री की सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों मामलों में तत्काल कार्रवाई की.
पहले मामले में पुलिस को सूचना मिली कि जमील कुमार दास (42 वर्ष) अपने घर के पीछे गांजा रखकर बिक्री कर रहा है. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी और तलाशी ली. इस दौरान आरोपी के कब्जे से 1.510 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 75 हजार रुपये है, बरामद किया गया. आरोपी वार्ड क्रमांक 04, देवीचौक पटनमपारा, सुकमा का निवासी है.
वहीं दूसरे मामले में पुलिस ने अखिलेश कश्यप (38 वर्ष) को गिरफ्तार किया. पुलिस के पहुंचने पर आरोपी ने गांजा फेंककर मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया. तलाशी के दौरान 1.270 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 62 हजार रुपये बताई गई है.
दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(B)(ii)(b) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है. पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों में विवेचना जारी है. सिटी कोतवाली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की बिक्री, परिवहन या भंडारण की जानकारी तत्काल पुलिस को दें. सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी.