क्या अब नाबालिगों को भी गांजा तस्करी के धंधे में उतार रहे तस्कर? सुकमा में तस्करी करते 19 साल का आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग भी पकड़ाया……..

सुकमा- छत्तीसगढ़ में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है. इसी कड़ी में सुकमा पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के एक प्रयास को नाकाम करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है. ओडिशा के मलकानगिरी से सुकमा की ओर आ रहे दोपहिया वाहनों से पुलिस ने 25 किलो 450 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है. इस मामले में एक 19 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. जबकि नाबालिक बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है.

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ ऑपरेशन आगाज चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत 21 नवंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा के मलकानगिरी की ओर से काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल और हल्के हरे रंग की स्कूटी में सवार दो व्यक्ति सुकमा की तरफ आ रहे हैं. दोनों के पास गांजा होने की आशंका जताई गई थी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सुकमा चेकपोस्ट के पास घेराबंदी कर दोनों संदिग्ध वाहनों को रोक लिया. तलाशी के दौरान वाहनों में रखे ट्रॉली बैग से 12 पैकेट में भरा कुल 25 किलो 450 ग्राम गांजा बरामद हुआ. पुलिस ने तत्काल गांजे सहित तस्करी में इस्तेमाल की जा रही पल्सर मोटरसाइकिल, स्कूटी और दो मोबाइल फोन जब्त कर लिए.

मामले में ओडिशा के मलकानगिरी जिले के कालीमेला थाना क्षेत्र अंतर्गत कुरकुंडी निवासी रविन्द्र सोड़ी (19 वर्ष), पिता गंगा सोड़ी को गिरफ्तार किया गया है. वहीं दूसरे व्यक्ति के नाबालिक बालक होने के चलते उसके विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है.

पुलिस के मुताबिक जब्त गांजा, दोनों वाहन और मोबाइल फोन सहित कुल मशरूका की अनुमानित कीमत 14 लाख 52 हजार 500 रुपये आंकी गई है. थाना सुकमा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) और 29 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है. पुलिस अब गांजे के स्रोत तस्करी के नेटवर्क और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles