बीजापुर- कभी माओवाद के प्रभाव और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के चलते शासन-प्रशासन की पहुंच से दूर रहने वाला बीजापुर का नेशनल पार्क क्षेत्र अब बदलाव की नई इबारत लिख रहा है. माओवाद के खात्मे के बाद अब इस इलाके में सुरक्षा के साथ-साथ प्रशासनिक पहुंच मजबूत करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है. ग्राम पील्लूर में नवीन पुलिस थाने का शुभारंभ किया गया है. इसके साथ ही बीजापुर जिले को अपना 24वां पुलिस थाना मिल गया है.
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक बद्रीनारायण मीणा ने विधिवत रूप से नवीन थाना पील्लूर का शुभारंभ किया. इस थाने के अंतर्गत कुल 15 गांवों को शामिल किया गया है. उप निरीक्षक हनीफ खान को थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है. नवीन थाना खुलने से नेशनल पार्क क्षेत्र के ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. अब तक अपनी शिकायत दर्ज कराने और पुलिस से संबंधित कार्यों के लिए ग्रामीणों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी. लेकिन पील्लूर में थाना शुरू होने से स्थानीय लोगों को अपने ही क्षेत्र में शिकायत दर्ज कराने, पुलिस सहायता प्राप्त करने और न्याय की प्रक्रिया तक पहुंचने में सहूलियत होगी. वहीं इस थाने की स्थापना से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत करने के साथ शासन की योजनाओं और विकास कार्यों को गति देने में भी मदद मिलेगी. दुर्गम इलाकों में प्रशासन की मौजूदगी बढ़ने से ग्रामीणों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करने की दिशा में इसे अहम कदम माना जा रहा है.

थाना शुभारंभ कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, जिला पंचायत सदस्य कविता कुड़ेम, जनपद पंचायत अध्यक्ष भोपालपटनम सरिता कोरसा, उपाध्यक्ष गणपत नीलम, जनपद सदस्य दिनेश मड़े सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. इसके अलावा डीआईजी केरिपु बी.एस. नेगी, बीजापुर एसपी उमेश प्रसाद गुप्ता, 214वीं वाहिनी केरिपु के कमांडेंट मनीश शर्मा, 22वीं वाहिनी केरिपु के कमांडेंट रणदीप सिंह, इंद्रावती टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर सुदेश सुरवाड़े, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार मीणा, एसडीओपी भोपालपटनम सिद्धार्थ चौहान, एसडीओपी फरसेगढ़ अमन लखीसरानी सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.