जगदलपुर. पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में सत्र 2026–27 के लिए छात्र परिषद अलंकरण समारोह आज शनिवार को विद्यालय परिसर में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ. इस समारोह का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, उत्तरदायित्व, अनुशासन, आत्मविश्वास और सेवा-भावना का विकास करना रहा. कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्राचार्य राज कुमार आसनानी ने नवनियुक्त छात्र परिषद पदाधिकारियों को बैच प्रदान कर एवं सैशे पहनाकर पद की जिम्मेदारी सौंपी तथा उन्हें निष्ठापूर्वक दायित्वों के निर्वहन और विद्यालय की गरिमा बनाए रखने की शपथ दिलाई.
समारोह में माध्यमिक अनुभाग से योगेश बिस्वास एवं समृद्धि साहा को विद्यालय कप्तान, जबकि हर्षित टोप्पो, आँचल साहू एवं ईशा बिस्वास को उप-कप्तान की जिम्मेदारी दी गई. वहीं सांस्कृतिक कप्तान के रूप में सारांश एवं विद्या स्तुति मिश्रा, खेल कप्तान के पद पर ऋषभ आसनानी एवं छवि साहू तथा अनुशासन कप्तान के रूप में अक्षत मिश्रा एवं देविका को चुना गया. इसी तरह प्राथमिक अनुभाग से रुद्र, अर्णव एवं प्रेरणा को विद्यालय कप्तान, उत्कर्ष शांडिल्य एवं प्रगति पी. को उप-कप्तान, जीवन, विवेक एवं आल्या को सांस्कृतिक कप्तान, अर्णव पटेल, मोहिल एवं वैशाली को खेल कप्तान तथा निहाल, चन्द्रदेव एवं चारवी को अनुशासन कप्तान का दायित्व सौंपा गया.
इस अवसर पर प्राचार्य राज कुमार आसनानी ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों और चारों सदनों—शिवाजी, टैगोर, अशोक एवं रमन सदन के सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि नेतृत्व केवल पद प्राप्त करने का नाम नहीं है, बल्कि यह एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है जिसे निष्ठा, समर्पण और अनुशासन के साथ निभाया जाना चाहिए. उन्होंने विद्यार्थियों से अपने आचरण से दूसरों के लिए प्रेरणा बनने का आह्वान किया. कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी संचालन पाठ्य सहगामी क्रियाकलाप प्रभारी शिक्षिका नंदिनी साहा द्वारा किया गया, जिसमें विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे.