मुर्गा लड़ाई की आड़ में चल रहा था लाखों का जुआ, पुलिस ने 156 लोगों को पकड़ा, 47 चारपहिया वाहन और 20 लाख जब्त……..

बीजापुर- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में मुर्गा लड़ाई की आड़ में लाखों रुपये का जुआ खिलाए जाने का बड़ा मामला सामने आया है. भद्राकाली थाना क्षेत्र के ग्राम रैगुड़ा के जंगल में चल रहे इस अवैध जुए के फड़ पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से 156 लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है. इस दौरान पुलिस ने 20 लाख 1 हजार 200 रुपये नगद, 47 चारपहिया वाहन और 12 मोबाइल फोन जब्त किए हैं.

पुलिस के मुताबिक रैगुड़ा गांव के जंगल में मुर्गा बाजार के दौरान मुर्गा लड़ाई की आड़ में रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खिलाए जाने की सूचना मिली थी. सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया.

कार्रवाई के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद मिले. पुलिस ने 156 व्यक्तियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) और सार्वजनिक द्यूत अधिनियम की धारा 4 एवं 13 के तहत कार्रवाई की है. जब्त की गई नकदी और वाहनों की संख्या इस बात को दर्शाती है कि जुए का यह फड़ बड़े स्तर पर संचालित हो रहा था.

फिलहाल पुलिस ने सभी जब्त सामग्रियों को अपने कब्जे में लेकर वैधानिक कार्रवाई की है. जंगल के भीतर मुर्गा लड़ाई की आड़ में चल रहे इस लाखों के जुए पर बीजापुर पुलिस की कार्रवाई जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles