जगदलपुर. बस्तर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है. नगरनार पुलिस ने धनपुंजी फॉरेस्ट नाके के पास नाकाबंदी कर एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप से भारी मात्रा में अवैध गांजा जब्त किया है. जब्त किए गए गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत एक करोड़ सात लाख पंद्रह हजार रुपये आंकी गई है. पुलिस ने मौके से उत्तर प्रदेश के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा. यह पूरी कार्रवाई मुखबिर से मिली सटीक सूचना के बाद की गई.
पुलिस अधिकारियों को सूचना मिली थी कि उड़ीसा प्रांत से एक सफेद रंग की महिंद्रा पिकअप में दो व्यक्ति भारी मात्रा में गांजा लेकर धनपुंजी के रास्ते जगदलपुर की ओर आ रहे हैं. वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के दिशा-निर्देशन में नगरनार थाना पुलिस की एक टीम गठित कर ग्राम धनपुंजी फॉरेस्ट नाका के पास घेराबंदी की गई और आने-जाने वाले संदिग्ध वाहनों की चेकिंग शुरू की गई.
चेकिंग के दौरान जब मुखबिर के बताए हुलिए की पिकअप गाड़ी वहां पहुंची, तो पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया. गाड़ी रुकते ही उसमें सवार एक व्यक्ति तेज बारिश और अंधेरे का फायदा उठाकर उड़ीसा के चांदली जंगल की तरफ भाग निकला. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन चालक को मौके पर ही दबोच लिया. पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम विजय पाण्डेय, उम्र 34 वर्ष, निवासी राजेन्द्र नगर पश्चिम, थाना गोरखनाथ, जिला गोरखपुर, उत्तर प्रदेश बताया. वहीं उसने भागने वाले अपने साथी का नाम सोनू यादव, निवासी बरगदमा, जिला गोरखपुर, उत्तर प्रदेश होना स्वीकार किया है.
जब पुलिस टीम ने जब्त की गई पिकअप गाड़ी के डाले की गहन तलाशी ली, तो उसके भीतर 9 प्लास्टिक की बोरियां छिपाई हुई मिलीं. इन बोरियों को खोलने पर कुल 105 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 214.300 किलोग्राम है. पूछताछ में यह बात सामने आई कि तस्कर इस खेप को उड़ीसा से उत्तर प्रदेश ले जाने की फिराक में थे. मामले में पुलिस ने एक करोड़ सात लाख पंद्रह हजार रुपये मूल्य के गांजे के साथ ही ढाई लाख रुपये कीमत की महिंद्रा बोलेरो पिकअप, पांच हजार रुपये मूल्य का एक सैमसंग मोबाइल और सात सौ रुपये नगद जब्त किए हैं.
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।ल. गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए रवाना कर दिया गया है, वहीं पुलिस की अलग-अलग टीमें फरार आरोपी की तलाश में सरगर्मी से जुट गई हैं.