जगदलपुर. किसानों की मेहनत की कमाई डकारने वाले शातिर ठगों के खिलाफ पुलिस का कड़ा प्रहार जारी है. भानपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम खड़का में मक्का खरीदी के नाम पर 24 लाख रुपये से अधिक की बड़ी धोखाधड़ी करने वाले आरोपी सहदेव मंडावी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया है. आरोपी पियूष एग्रोटेक फर्म का संचालन करता था और लंबे समय से क्षेत्र के सीधे-साधे किसानों को अपनी चिकनी-चुपड़ी बातों में फंसाकर उनसे मक्का खरीद लेता था, लेकिन बाद में भुगतान के नाम पर टालमटोल करते हुए उनकी राशि हड़प लेता था.
मिली जानकारी के अनुसार एक किसान से 24,13,100 रुपये का गबन करने के बाद जब पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की, तो आरोपी गिरफ्तारी के डर से फरार हो गया था. पुलिस से बचने के लिए वह अपने मूल निवास पलारी में भी नहीं रह रहा था और लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था. भानपुरी पुलिस की विशेष टीम ने मुस्तैदी से उसकी घेराबंदी की और आखिरकार उसे धर दबोचा. भानपुरी थाना प्रभारी हर्ष कुमार धुरंधर ने बताया कि किसानों के साथ छल-कपट और ठगी करने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा. आरोपी सहदेव मंडावी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, साथ ही पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि उसने और कितने किसानों को अपनी ठगी का शिकार बनाया है.