जगदलपुर. शहर के विभिन्न इलाकों में पिछले कुछ दिनों से आतंक का पर्याय बने एक शातिर नकाबपोश बाइक सवार झपटमार को गिरफ्तार करने में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. पकड़े गए आरोपी की पहचान 19 वर्षीय राजमन यादव, निवासी ग्राम कुथर (थाना मारडूम) के रूप में हुई है, जो अपने दोस्तों के साथ घूमने-फिरने के शौक और पैसों की चाहत में इन वारदातों को अंजाम दे रहा था. वरिष्ठ अधिकारियों के कड़े दिशा-निर्देशन में मुस्तैद कोतवाली और साइबर की संयुक्त टीम ने त्वरित घेराबंदी करते हुए आरोपी को दलपत सागर से पावर हाउस चौक के पास से दबोच लिया. आरोपी के पास से पुलिस ने विभिन्न वारदातों में लूटे गए लगभग 2.5 लाख रुपये मूल्य के आभूषण और सामान बरामद किए हैं.
यह शातिर अपराधी मुख्य रूप से शहर के सुनसान और अंधेरे रास्तों को चुनता था, जहाँ पैदल या अकेले जा रही लड़कियों और महिलाओं को निशाना बनाना आसान हो. वह पीछे से तेज रफ्तार मोटरसाइकिल पर नकाब पहनकर आता था और अत्यंत बेरहमी से महिलाओं के हाथ या कंधे से बैग छीनकर फरार हो जाता था. बैग से कीमती गहने और नकदी निकालने के बाद वह पहचान छुपाने के उद्देश्य से बैग और मोबाइल को दूर फेंक देता था. शहर के सिरहासार चौक, लालबाग और धरमपुरा कालीपुर अटल आवास जैसे संवेदनशील इलाकों में लगातार सामने आई इन झपटमारी की घटनाओं ने पुलिस प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट कर दिया था. शहर के हर प्रमुख चौराहे और संवेदनशील स्थानों पर विशेष टीमें तैनात की गई थीं, जिसका नतीजा इस गिरफ्तारी के रूप में सामने आया.
पूछताछ के दौरान आरोपी ने कोतवाली क्षेत्र में 5 और बोधघाट क्षेत्र में 4 सहित कुल 9 स्थानों पर झपटमारी करने का जुर्म कबूल किया है. पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, 8 बैग, 3 मोबाइल फोन, लगभग 2 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और नकदी बरामद की है. आरोपी के खिलाफ पर्याप्त सबूत पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.