भड़ीसगांव राशन दुकान में फर्जी हस्ताक्षर का आरोप, ग्रामीणों ने खोला मोर्चा, सचिव पर कार्रवाई की मांग……

जगदलपुर- बस्तर जिले के तोकापाल विकासखंड के ग्राम भड़िसगांव में राशन दुकान के संचालन को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है. ग्रामीणों ने राशन वितरण में गड़बड़ी और फर्जी हस्ताक्षर कर दुकान संचालित किए जाने का आरोप लगाते हुए जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है. ग्रामीणों ने सचिव पर कार्रवाई और राशन दुकान का संचालन नए स्वसहायता समूह को सौंपने की मांग की है. ग्राम भड़िसगांव के उपसरपंच नरसिंग सोनकर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे. उनका आरोप है कि वर्षों से राशन वितरण में अनियमितताएं हो रही हैं और महालक्ष्मी महिला स्वसहायता समूह की पूर्व अध्यक्ष के नाम से कथित तौर पर फर्जी हस्ताक्षर कर राशन दुकान चलाई जा रही है. समूह के अधिकांश सदस्यों को हटाने के बावजूद सचिव अकेले दुकान का संचालन कर रही हैं और वितरण से जुड़े दस्तावेजों में भी कथित फर्जीवाड़ा किया गया है.

महालक्ष्मी महिला स्वसहायता समूह की पूर्व अध्यक्ष खिरमनी ठाकुर ने भी आरोप लगाया कि उनके नाम से कई वर्षों से फर्जी हस्ताक्षर किए जा रहे हैं. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने और राशन दुकान का संचालन किसी नए स्वसहायता समूह को सौंपने की मांग की.

मामले में संयुक्त कलेक्टर ए.आर. राणा ने कहा कि शिकायत को जांच के लिए एसडीएम तोकापाल के पास भेजा जाएगा. जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर राशन दुकान के संचालन को लेकर भी निर्णय लिया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles