वर्षाकाल में गरीबों के आशियाने उजाड़ना भाजपा सरकार की दूषित व तुच्छ राजनीति का प्रमाण: कांग्रेस

जगदलपुर. छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के आह्वान पर संभाग मुख्यालय जगदलपुर में बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी (शहर/ग्रामीण) के संयुक्त तत्वाधान में भाजपा सरकार के खिलाफ एक उग्र विरोध प्रदर्शन किया गया. शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य के नेतृत्व में जुटे कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राज्य की भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन किया. यह विरोध प्रदर्शन वर्षाकाल के इस भीषण मौसम में ग्राम नकटी के 85 गरीब परिवारों के आशियानों को उजाड़े जाने के विरोध में किया गया.

​प्रदर्शन के दौरान भाजपा सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि कड़ाके की बारिश में गरीब परिवारों के घरों को तोड़ना और उन्हें बेघर कर देना भाजपा सरकार की दूषित, अमानवीय और तुच्छ राजनीति का प्रत्यक्ष प्रमाण है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जो सरकार जनता को आशियाना नहीं दे सकती, उसे दूसरों का आशियाना उजाड़ने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है. सुशील मौर्य ने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी इन पीड़ित ग्रामवासियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए सड़क से लेकर सदन तक हर स्तर पर लड़ाई लड़ेगी. ​इस अमानवीय कार्रवाई के विरोध में एकजुटता दिखाते हुए कांग्रेस विधायकों ने भी कड़ा रुख अपनाया है और मुख्यमंत्री को एक कड़ा पत्र लिखा है. विधायकों ने संदेश दिया है कि जब तक गरीबों को न्याय नहीं मिल जाता और उनके आशियाने वापस नहीं बन जाते, तब तक वे स्वयं विधायक आवास को स्वीकार नहीं करेंगे, क्योंकि गरीबों का आशियाना उजाड़ कर वे अपना आशियाना नहीं बनाना चाहते. शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने चेतावनी दी है कि शासन-प्रशासन तत्काल प्रभाव से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और मुआवजे की व्यवस्था करे, अन्यथा इस आंदोलन को और उग्र किया जाएगा जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी. इस पुतला दहन और विरोध प्रदर्शन में पूर्व विधायक रेखचंद जैन, ग्रामीण अध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला, नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी, पूर्व सभापति कविता साहू सहित भारी संख्या में कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, मोर्चा संगठन और कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles