सुकमा – जिले में कांग्रेस संगठन लगातार मजबूत होता नजर आ रहा है। कांग्रेस नेता कवासी हरीश के नेतृत्व में पार्टी का जनाधार तेजी से बढ़ रहा है। इसी क्रम में सुकमा जिले की केरातोंग पंचायत में एक महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला, जहां 114 सीपीआई (भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी) के सदस्यों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली।
कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में सभी नए सदस्यों का पार्टी का गमछा पहनाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर पार्टी नेताओं ने कहा कि कांग्रेस की जनहितकारी नीतियों, आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा तथा क्षेत्र के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में लोगों ने कांग्रेस पर विश्वास जताया है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता कवासी हरीश ने कहा कि कांग्रेस हमेशा गांव, गरीब, किसान, मजदूर और आदिवासी समाज के हितों के लिए संघर्ष करती रही है। उन्होंने पार्टी में शामिल हुए सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि उनके जुड़ने से संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा आगामी समय में कांग्रेस गांव-गांव तक अपनी पहुंच और मजबूत करेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य केवल राजनीतिक विस्तार नहीं, बल्कि क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का समाधान और विकास को गति देना है। पार्टी कार्यकर्ता लगातार आम जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुन रहे हैं और उन्हें शासन-प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठा रहे हैं।
केरातोंग पंचायत में एक साथ 114 सीपीआई सदस्यों के कांग्रेस में शामिल होने को जिले की राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। स्थानीय राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस घटनाक्रम से क्षेत्र में कांग्रेस की संगठनात्मक स्थिति और मजबूत होगी। वहीं पार्टी कार्यकर्ताओं ने इसे कांग्रेस के बढ़ते जनाधार और कवासी हरीश के नेतृत्व में संगठन के प्रति जनता के बढ़ते विश्वास का प्रतीक बताया।