जगदलपुर (डेस्क) – लोकमान्य तिलक वार्ड, धरमपुरा की जर्जर सड़कों पर संज्ञान लेते हुए नगर पालिक निगम के महापौर संजय पांडे ने रविवार को त्वरित और कड़ा रुख अपनाया. निरीक्षण के दौरान सड़कों की अत्यंत खराब स्थिति देखकर महापौर ने मौके से ही हाउसिंग बोर्ड और लोक निर्माण विभाग (PWD) के उच्च अधिकारियों को फोन लगाकर उन्हें फटकार लगाई और तुरंत मरम्मत कार्य शुरू करने का आदेश दिया.
गड्ढों और कीचड़ से त्रस्त थे स्थानीय निवासी
महापौर संजय पांडे ने धरमपुरा वार्ड का दौरा किया, जहां उन्होंने पाया कि हाउसिंग बोर्ड द्वारा चल रहे निर्माण कार्यों के कारण क्षेत्र की मुख्य सड़कें पूरी तरह से टूट चुकी हैं. सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे और कीचड़ जमा होने से स्थानीय निवासियों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था. क्षेत्रवासियों ने महापौर को अपनी समस्याएँ बताईं, जिसके बाद महापौर ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके से ही हाउसिंग बोर्ड के कार्यपालन अभियंता (EE) एम के सोम और पीडब्ल्यूडी के ईई राजीव बत्रा को फोन लगाया.
“लापरवाही बर्दाश्त नही, तत्काल प्रस्ताव भेजने का निर्देश
महापौर संजय पांडे ने दोनों अधिकारियों को कड़े शब्दों में सड़क को शीघ्र मरम्मत करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों के चलते यदि नागरिकों को असुविधा हो रही है, तो संबंधित विभागों को तुरंत अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी. महापौर ने अधिकारियों से बिना देरी किए सड़क मरम्मत कार्य हेतु प्रस्ताव तैयार कर जल्द से जल्द शासन को भेजने के लिए भी कहा, ताकि धरमपुरा के लोगों को जल्द से जल्द राहत मिल सके.
उन्होंने स्पष्ट किया कि “नगरवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.” महापौर ने विभागों को समन्वय बनाकर काम को शीघ्र पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया.
स्थानीय निवासियों ने महापौर के इस त्वरित हस्तक्षेप का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि जल्द ही सड़क की स्थिति में सुधार होगा. इस दौरान वार्ड पार्षद संतोष गौर सहित वार्डवासी वर्षा नागवंशी, वर्षा ढोखे, माधुरी साहू, गायत्री दास और खुशबू खान भी उपस्थित थे.