जगदलपुर (डेस्क) – बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी ने आज बुधवार को प्रदेश की भाजपा सरकार पर बीते वर्ष आयोजित हुए बस्तर ओलंपिक कार्यक्रम के दौरान ट्रैक सूट की खरीदी में जमकर भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया है. इसके साथ ही बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी ने जिले में करोड़ों रुपए की लागत से बने सुपरस्पेशलिटी अस्पताल को जल्द शुरू करने की मांग सरकार से की है.
बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य ने आयोजित पत्रवार्ता में कहा कि जिस बस्तर ओलंपिक को लेकर प्रधानमंत्री बीते 15 अगस्त को लाल किले की प्राचीर से बड़ी – बड़ी बातें कर रहे थे, उसी बस्तर ओलंपिक में ट्रैक सूट की खरीदी में प्रदेश की साय सरकार ने भ्रष्टाचार किया है. 4,900 रुपए के ट्रैक सूट की खरीदी के लिए निविदा बुलाई गई. जिसमें 10 कंपनियों ने टेंडर में हिस्सा लिया. इनमें एआर नीच फैब, एडिडास, हिंद स्पोर्ट्स, नरेन संस ट्रॉफी वाले, रिद्धि – सिद्धि सॉल्यूशन, शैम स्पोर्ट्स, शिव नरेश स्पोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड, स्पोर्टटेक्स, वरना डिस्प्ले और विनायक वेंचर्स शामिल थे. टेक्निकल बिड में केवल 5 कंपनियों शिव नरेश स्पोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड, वरना डिस्प्ले सिस्टम प्राइवेट लिमिटेड, नरेन संस, विनायक वेंचर्स और रिद्धि – सिद्धि सॉल्यूशन ने क्वालीफाई किया. बाकी कंपनियों को डिसक्वालिफाइड कर दिया गया. उन्होंने कहा कि क्वालीफाई करने वाली यह पांचों कंपनियां एक ही ब्रांड शिव नरेश स्पोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से जुड़ी थी. इन सभी पांचों कंपनियों ने एक ही ट्रैक सूट मॉडल (आर्टिकल कोड 459A) के लिए बोली लगाया था. जिसमें से शिव नरेश स्पोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड को एल 1 घोषित किया गया और उससे 2,499 रुपए की दर पर ट्रैक सूट खरीदा गया. उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि एडिडास जैसी अंतरराष्ट्रीय कंपनी को भी टेक्निकल बिड में बाहर कर दिया गया. इसके बाद खेल विभाग ने शिव नरेश ब्रांड के जिस ट्रैक सूट को 2,499 रुपए में खरीदा, वही ट्रैक सूट कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर 1,539 रुपए में उपलब्ध है. यानी प्रति यूनिट ट्रैक सूट पर 960 रुपए का अंतर है. खेल विभाग ने 4 हजार 900 ट्रैक सूट की खरीदी के लिए 2,499 रुपए प्रति यूनिट की दर से कंपनी को 1 करोड़ 22 लाख 45 हजार रुपए का भुगतान किया है. उन्होंने कहा कि अगर कंपनी की वेबसाइट में दिए गए 1,539 रुपए की दर पर ट्रैक सूट की खरीदी की जाती तो खेल विभाग को महज 75 लाख 41 हजार 100 रुपए का भुगतान करना होता. इससे करीबन 47 लाख रुपए की बचत हो सकती थी. और यह रुपए बस्तर के छात्रों के लिए उपयोगी हो सकते थे. उन्होंने कहा कि मामला एक ट्रैक सूट खरीदी का है, पूरे आयोजन में कितना घोटाला हुआ होगा इसकी कल्पना की जा सकती है. भाजपा सरकार भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का काम कर रही है. इसके साथ भाजपा सरकार भ्रष्टाचार के सागर में डूबती जा रही है. बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष ने इस मामले की जांच और दोषियों पर कार्यवाही करने की मांग की है.
वहीं बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य ने जिले में करोड़ों रुपए की लागत से बने सुपरस्पेशलिटी अस्पताल को लेकर भी भाजपा सरकार पर बस्तरवासियों के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि 211 करोड़ रुपए की लागत से बीते 1 वर्ष से सुपरस्पेशलिटी अस्पताल बनकर तैयार है. लेकिन भाजपा सरकार इस सुपरस्पेशलिटी अस्पताल का उद्धघाटन तक नही कर पा रही है. बस्तरवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा नही मिल पा रही है. भाजपा सरकार अंदरूनी क्षेत्रों में स्थित अस्पतालों में सामान्य दवाईयां तक उपलब्ध नही करवा पा रही है. बस्तरवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिलने के लिए उन्होंने सरकार से सुपरस्पेशलिटी अस्पताल को जल्द शुरू करने की मांग की है. पत्रवार्ता के दौरान जगदलपुर विधानसभा के पूर्व विधायक रेखचंद जैन, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता निषाद, उपनेता प्रतिपक्ष कोमल सेना, सुषमा सुता, ललिता राव, असीम सुता, संदीप दास, जस्टिन भवानी, एस. नीला, तरनजीत सिंह, उस्मान रजा समेत अन्य कांग्रेसी भी मौजूद थे.