नारायणपुर में जुआरियों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 12 गिरफ्तार, 2.82 लाख की संपत्ति जब्त……

नारायणपुर- छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में जुआरियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर ताश के पत्तों पर रुपये-पैसों का दांव लगा रहे 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12,770 नगद सहित मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल, स्कूटी और अन्य सामग्री जब्त की है. जब्त संपत्ति की कुल कीमत 2,82,770 आंकी गई है.

पुलिस के अनुसार पहली कार्रवाई 25 अक्टूबर को नयापारा स्थित बांसशिल्प के बरामदे में की गई. जहां जुआ खेल रहे सात आरोपी पकड़े गए. मौके से 2,070 नगद, सात मोबाइल फोन, तीन मोटरसाइकिल, एक स्कूटी और अन्य सामग्री जब्त की गई. वहीं दूसरी कार्रवाई 26 अक्टूबर को बखरूपारा में मानसरोवर के पीछे की गई. यहां स्ट्रीट लाइट की रोशनी में जुआ खेल रहे पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. उनके पास से 10700 नगद, चार मोबाइल फोन और अन्य सामग्री बरामद हुई.

पुलिस ने दोनों मामलों में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और कानून तोड़ने वालों पर कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles