चक्रवात का अलर्ट, बाढ़ की त्रासदी के बीच बस्तर संभाग के 6जिलों में स्कूलों की छुट्टी…….

जगदलपुर- बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान और भारी बारिश की आशंका ने बस्तर संभाग में चिंता बढ़ा दी है. बीते दिनों आई भीषण बारिश और बाढ़ की त्रासदी से उबर रहे बस्तर के सामने अब एक बार फिर मौसम की चुनौती खड़ी हो गई है. संभावित खतरे और स्कूली बच्चों को आवागमन में होने वाली परेशानी को देखते हुए संभाग के छह जिलों में 28 अक्टूबर, बुधवार को स्कूलों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है. इनमें बस्तर, सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, कोंडागांव और नारायणपुर जिले शामिल हैं. वहीं कांकेर जिले में छुट्टी को लेकर आदेश का इंतजार है.

बस्तर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार बुधवार को जिले के समस्त शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त प्राथमिक, माध्यमिक, हाई व हायर सेकेंडरी स्कूल बंद रहेंगे. आदेश में कहा गया है कि यह निर्णय बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान और अत्यधिक बारिश की आशंका के मद्देनजर लिया गया है. ताकि विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में संभावित परेशानियों से बचाया जा सके. आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है. संभाग के अन्य जिलों में भी संबंधित प्रशासन की ओर से जारी आदेशों के तहत अवकाश घोषित किया गया है.

बाढ़ के जख्म अभी भरे नहीं, फिर मंडराया खतरा

बस्तर में मौसम को लेकर चिंता की एक बड़ी वजह सितंबर में आई भीषण बाढ़ भी है. 24, 25 और 26 सितंबर को हुई भारी बारिश ने नदी-तटीय इलाकों में जमकर तबाही मचाई थी. कई लोगों के घर क्षतिग्रस्त हो गए, घरों में रखा राशन, जरूरी सामान और घरेलू सामग्री बर्बाद हो गई. कुछ परिवारों को मुश्किल हालात में कई दिनों तक गुजारा करना पड़ा. बाढ़ प्रभावित लोग अभी अपनी जिंदगी को पटरी पर लाने की कोशिश कर रहे हैं, ऐसे में चक्रवात के संभावित असर की आशंका ने उनकी चिंताएं फिर बढ़ा दी हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles