जगदलपुर (डेस्क) – जिले के बकावंड ब्लॉक में स्थित 100 सीटर पोस्ट मैट्रिक बालक छात्रावास में महिला कर्मचारी को अधीक्षिका के रूप में नियुक्त किए जाने की शिकायत को लेकर आज सोमवार को बस्तर युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों ने कलेक्टर और आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त को शिकायत पत्र सौंपा है.

बस्तर युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष हेमंत कश्यप ने बताया कि बस्तर जिले के बकावंड ब्लॉक में स्थित एक 100 सीटर पोस्ट मैट्रिक बालक छात्रावास में एक महिला कर्मचारी को अधीक्षिका के रूप में नियुक्त किया गया है. पोस्ट मैट्रिक बालक छात्रावास में एक महिला कर्मचारी को अधीक्षक का कार्यभार सौंपा जाना अनुचित है. जबकि उक्त छात्रावास में बड़े बच्चों का समूह रहता है. उन्होंने कहा कि महिला कर्मचारी का अधीक्षक के रूप में नियुक्त करने से वह इन बड़े बच्चों के कक्षों का निरीक्षण कैसे कर पाएगी. इसके साथ ही वह छात्रावास में बच्चों के रहन – सहन को कैसे देख पाएगी. उन्होंने बताया कि इससे पहले इस प्रकार किसी भी महिला कर्मचारी को पोस्ट मैट्रिक बालक छात्रावास में नियुक्त नही किया गया है, और उनके जानकारी के अनुसार यह नीति निर्देशों के विपरीत भी है. इसी पूरे मामले को लेकर बस्तर युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों ने उक्त व्यवस्था को तत्काल ही निरस्त करने और किसी योग्य अनुभवी पुरुष कर्मचारी को उक्त पोस्ट मैट्रिक बालक छात्रावास में नियुक्त करने की मांग करते हुए बस्तर कलेक्टर और आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त को शिकायत पत्र सौंपा है. वहीं शिकायत पत्र सौंपने के दौरान युवा कांग्रेस महासचिव तरणजीत सिंह, उसमान रजा, एनएसयूआई प्रदेश सचिव ज्योति राव और बस्तर जिला सचिव विजय भारती भी मौजूद थे.