गनपत भारद्वाज, जगदलपुर- छत्तीसगढ़ में आज सीबीएसई बोर्ड के परीक्षा परिणाम घोषित हुए. परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद बस्तर जिले से एक बड़ी दुःखद खबर निकलकर सामने आई है. परीक्षा में कम नंबर आने के चलते एक छात्रा ने अपने ही घर मे फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया है. इस घटना के बाद परिजनों का रो रो कर बुरा हाल हो गया है.
बोधघाट थाना प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि आज दोपहर के वक्त सीबीएसई 12 वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम घोषित हुआ. परीक्षा में जगदलपुर शहर के विवेकानंद वार्ड निवासी एक छात्रा का कम नंबर आया. कम नंबर आने के चलते छात्रा खुद से नाराज हुई और घर में ही रोने लगी. और कुछ देर के बाद दोपहर के करीब 2 बजे अपने ही घर मे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. बताया जा रहा है कि छात्रा शहर के निजी स्कूल में 12 कक्षा में पढ़ाई कर रही थी. इस घटना के बाद बोधघाट पुलिस को परिजनों ने जानकारी दी. जानकारी लगते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. और शव को अपने कब्जे में लिया. कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया. फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है.