चेतन कापेवार, बीजापुर। जिले में अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए नक्सलियों ने एक बार फिर से ग्राम पंचायत सरपंच की गला घोटकर हत्या कर दी है। इस हत्याकांड के बाद परिवार में गम का माहौल छाया हुआ है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार तोयनार थाना क्षेत्र के मोरमेड गाँव मे कल शाम ग्रामीण वेशभूषा में नक्सलियों का एक झुंड गांव पहुंचा और गांव के सरपंच को अपने साथ अगवा करके जंगल की ओर ले गए जिसके बाद नक्सलियों ने गला घोट कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। हत्या करने के बाद नक्सली जंगल की ओर रवाना हो गए। हत्या की सूचना मिलने के बाद परिजन व ग्रामीण घटनास्थल पहुंचे और मृतक के शव को अपने साथ वापस गांव ले आए। मृतक प्रतिराम कुड़ियम ग्राम पंचायत मोरमेड का सरपंच था। इधर इस नक्सली घटना की जानकारी पुलिस को भी दिया गया है। पुलिस भी घटनास्थल के लिए रवाना हो चुकी है।

सूत्रों से यह भी जानकारी निकलकर सामने आ रही है कि नक्सली लगातार मृतक के परिवार को टारगेट करते आए हैं इससे पहले भी परिवार के 2 लोगों को नक्सलियों ने मुखबिरी का आरोप लगाते हुए मौत के घाट उतार दिया था।