तोकापाल ब्लॉक में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के पदों पर निकली भर्ती, 16 नवंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन…..

जगदलपुर- बस्तर जिले के तोकापाल ब्लॉक की महिलाओं के लिए रोजगार का अवसर सामने आया है. समेकित बाल विकास परियोजना (आईसीडीएस) तोकापाल के अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और पालना क्रेश कार्यकर्ता के रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है. इन पदों के लिए 2 नवंबर से ऑनलाइन आवेदन लिए जाएंगे. इच्छुक महिला अभ्यर्थी 16 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगी.

इस भर्ती में खास बात यह है कि संबंधित ग्राम पंचायतों की मूल निवासी महिलाओं को ही आवेदन का मौका दिया गया है. यानी सालेपाल, टाहकापाल और बुरूँगपाल ग्राम पंचायत क्षेत्र की पात्र महिलाएं इन पदों के लिए आवेदन कर सकती हैं.

इन जगहों पर होगी भर्ती

समेकित बाल विकास परियोजना तोकापाल द्वारा जारी जानकारी के अनुसार कुल चार पदों पर भर्ती प्रस्तावित है.

1. मेडिकल कॉलेज डिमरापाल: संचालित पालना केंद्र में एक पालना क्रेश कार्यकर्ता।

2. तुमपानी (ग्राम पंचायत सालेपाल): आंगनबाड़ी कार्यकर्ता।

3. कोटवारपारा टाहकापाल (ग्राम पंचायत टाहकापाल): आंगनबाड़ी सहायिका।

4. गुर्राम (ग्राम पंचायत बुरूँगपाल): आंगनबाड़ी सहायिका।

किस पद के लिए कितनी पढ़ाई जरूरी?

पालना क्रेश कार्यकर्ता और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पदों के लिए हायर सेकेंडरी (12वीं) उत्तीर्ण होना अनिवार्य है. वहीं आंगनबाड़ी सहायिका के पद के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 8वीं उत्तीर्ण निर्धारित की गई है. भर्ती में अनुभवी महिलाओं के साथ विधवा, परित्यक्त और तलाकशुदा महिलाओं को प्राथमिकता देने का प्रावधान भी रखा गया है.

कहां मिलेगी भर्ती की जानकारी?

इच्छुक अभ्यर्थी भर्ती से संबंधित विस्तृत नियम, पात्रता और अन्य शर्तों की जानकारी समेकित बाल विकास परियोजना कार्यालय तोकापाल, जनपद पंचायत कार्यालय तोकापाल और संबंधित ग्राम पंचायतों के सूचना पटल पर चस्पा विज्ञापन से प्राप्त कर सकती हैं. आवेदन की अंतिम तारीख 16 नवंबर है. ऐसे में पात्र महिलाएं भर्ती संबंधी शर्तों की जानकारी लेकर निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles