जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस के द्वारा जिले में अवैध शराब का कारोबार करने वाले तस्करों और कोचियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है. बीते कल बुधवार को पुलिस ने एक शराब को रंगे हाथों गिरफ्तार किया था. वहीं आज पुलिस ने अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी करते एक और तस्कर को गिरफ्तार किया है.
एएसपी महेश्वर नाग ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक अपने बाइक में अवैध रूप से अंग्रेजी शराब ओड़िसा की तरफ लेकर जगदलपुर की ओर जा रहा है. सूचना मिलते ही बस्तर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश पर नगरनार टीआई टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम तैयार की गई. उक्त पुलिस की टीम को तत्काल ही मारकेल चौक के लिए रवाना किया गया. इसके बाद पुलिस की टीम ने ओड़िसा की तरफ से आ रहे एक बाइक सवार युवक को घेराबंदी करने के बाद पकड़ लिया. पकड़ने के बाद पुलिस ने युवक से पूछताछ करते हुए उसके पास रखे कार्टून की तलाशी ली. तलाशी में पुलिस को कार्टून से 48 नग किंगफिशर बियर की बोतलें मिली. जिसकी कीमत 5 हजार रुपये से ज्यादा बताई गई है. शराब की बोतलें मिलते ही पुलिस ने बाइक सवार युवक को पकड़ लिया. इसके बाद पुलिस ने पकड़े गए युवक से कड़ाई से पूछताछ शुरू की. कड़ी पूछताछ में आरोपी संतोष नायक (23) निवासी ग्राम बारदा ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह यह अवैध अंग्रेजी शराब ओड़िसा से खरीदकर बस्तर में अवैध रूप से बेचने की फिराक में था. लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा. जुर्म कबूल करते ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल पुलिस ने आबकारी एक्ट की धारा 34 (2) के तहत मामला दर्ज करते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.