जगदलपुर (गनपत भारद्वाज). पुलिस के द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों, अवैध शराब, जुआ, सट्टा समेत अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में पुलिस ने बीती रात लाखों रुपयों के गांजे की तस्करी करने वाले दो तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है.
सीएसपी विकास कुमार ने बताया कि बीते कल गुरुवार की रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक एक यात्री बस में संदिग्ध सामान ओड़िसा से लेकर जगदलपुर की तरफ जा रहे है. सूचना मिलते ही बस्तर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश पर नगरनार टीआई के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम को तुरंत ही धनपुंजी में स्थित फारेस्ट नाका के लिए रवाना किया गया. मौके पर पहुंचते ही पुलिस ने नाकेबंदी करते हुए वहां से गुजरने वाले वाहनों की तलाशी लेना शुरू कर दिया. इसी दौरान पुलिस ने ओड़िसा की ओर से आ रहे एक यात्री बस को चेकिंग के लिए रोक लिया. इसके बाद पुलिस ने बस में सवार सभी यात्रियों की तलाशी लेते हुए उनसे पूछताछ शुरू की. तलाशी के बीच ही पुलिस ने बस में सवार दो युवकों के बैग से लगभग 12 किलो 755 ग्राम गांजा बरामद किया. जिसकी कीमत 1 लाख 27 हजार से ज्यादा आंकी गई है. गांजा बरामद होते ही पुलिस ने दोनों युवकों को पकड़ लिया. इसके बाद पुलिस ने पकड़े गए युवकों मोहम्मद निसार (37) और शाहिद शेख (28) दोनों निवासी झारखंड से कड़ी पूछताछ शुरू की. कड़ी पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए पुलिस को बताया कि वह दोनों यह गांजा ओड़िसा से खरीदकर झारखंड में खपाने की तैयारी में थे. जुर्म कबूल करते ही पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल पुलिस ने एनडीपीएस की धारा के तहत मामला दर्ज करते हुए दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है.