जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). आगामी दिनों में होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस के द्वारा जिले में अवैध शराब, अवैध मादक पदार्थ, जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में पुलिस ने आज बुधवार को अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी करने वाले एक तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 लाख रुपये से अधिक का अवैध अंग्रेजी शराब बरामद किया है.
एएसपी महेश्वर नाग ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति संदिग्ध सामान लेकर जगदलपुर की तरफ से बेलपुटी की ओर जा रहा है. सूचना मिलते ही बस्तर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश पर बस्तर टीआई विकेश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम को तत्काल ही बेलपुटी की तरफ जाने वाले रास्ते के लिए रवाना किया गया. इसके बाद पुलिस की उक्त टीम ने मौके पर पहुंचते ही वहां से गुजरने वाले वाहनों की तलाशी लेना शुरू किया. इसी दौरान पुलिस ने एक बाइक सवार को चेकिंग के लिए रोक लिया. बाइक में सवार व्यक्ति से पूछताछ करते हुए पुलिस ने उसके पास रखे दो प्लास्टिक की बोरियों की तलाशी ली. इस तलाशी में पुलिस ने प्लास्टिक की बोरियों से एमपी के 100 नग अवैध अंग्रेजी शराब के पौवे बरामद किए. अवैध अंग्रेजी शराब मिलते ही पुलिस ने बाइक सवार को पकड़ लिया. पकड़ने के बाद पुलिस ने पकड़े गए व्यक्ति से कड़ाई से पूछताछ की. कड़ी पूछताछ में आरोपी भीमसेन मानिकपुरी (30) निवासी बेलपुटी खासपारा ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. कड़ी पूछताछ के दौरान ही आरोपी के निशानदेही पर पुलिस ने आरोपी के घर के पीछे बाड़ी के लाड़ी के पैरा के नीचे छुपाकर रखें हुए अवैध अंग्रेजी शराब 25 नग कार्टून में भरा हुआ 1250 नग पौवे बरामद किया. जिसकी कीमत 1 लाख 48 हजार से अधिक आंकी गई है. जुर्म कबूल करते ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. बताया गया है कि आरोपी उक्त अवैध अंग्रेजी शराब को बेचने की फिराक में था. लेकिन इससे पहले ही आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया. पुलिस ने अवैध अंग्रेजी शराब और आरोपी के बाइक को जप्त कर लिया है. वहीं पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.