जगदलपुर (डेस्क) – छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में खेल प्रतिभाओं को निखारने का महाकुंभ ‘बस्तर ओलंपिक 2025’ अपनी सफलता के साथ आगे बढ़ रहा है. हाल ही में दरभा, जगदलपुर, तोकापाल और बस्तर विकासखंडों में आयोजित विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताओं में ग्रामीण जनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे आयोजन स्थल पर खेल का शानदार माहौल बन गया.

जूनियर और सीनियर वर्ग ने लिया हिस्सा

​यह प्रतियोगिता जोन आधार पर जूनियर और सीनियर दो वर्गों में आयोजित की गई. पारंपरिक खेलों के साथ-साथ आधुनिक खेलों में भी ग्रामीण खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया.

शामिल खेल विधाएं : खो-खो, कब्बड़ी, बैडमिंटन, बॉलीबॉल, लंबीकूद और तीरंदाजी सहित कुल ग्यारह खेल विधाओं में कांटे की टक्कर देखने को मिली.

प्रतिभाओं को मिला मंच : सांसद और विधायक ने बढ़ाया हौसला

​दरभा, जगदलपुर, और तोकापाल में आयोजित मुकाबलों में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद महेश कश्यप और विधायक चित्रकोट विनायक गोयल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे.

​सांसद महेश कश्यप ने दरभा के चिंगपाल में अपने संबोधन में कहा कि हम राज्य के रजत जयंती वर्ष और सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती मना रहे हैं. उन्होंने जोर देकर कहा, “युवा अवस्था में हर असंभव कार्य को भी संभव करने का मद्दा होता है. बस्तर ओलंपिक खेल के माध्यम से युवाओं की प्रतिभा को मंच देने का एक सराहनीय प्रयास है.”

​विधायक विनायक गोयल ने सभी खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ खेलते हुए जिला और संभाग स्तर पर शानदार प्रदर्शन करके बस्तर क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया.

अगला पड़ाव : जिला स्तरीय प्रतियोगिता

​प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और उन्हें राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं तक पहुंचाना है. विकासखंड स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने वाले चयनित खिलाड़ियों को अब जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक में अपने-अपने विकासखंड का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा.

पूरे आयोजन की सफलता में पंचायत प्रतिनिधियों, खेल प्रशिक्षकों और स्थानीय युवाओं का विशेष योगदान रहा. खिलाड़ियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए सभी प्रतियोगिता स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधा भी सुनिश्चित की गई थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed