जगदलपुर- बस्तर जिले के कोहकापाल पंचायत से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां गड़ा धन पाने के लालच में 12 साल के एक बालक की कथित तौर पर तंत्र विद्या किए जाने का आरोप लगा है. बालक आरोपियों के चंगुल से बचकर निकलने में कामयाब रहा. घटना के बाद गांव में पंचायत भी बुलाई गई. वहीं अब बस्तर पुलिस ने मामले में पुलिस ने दो नामजद आरोपियों और एक बाबा के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
परिजन गुड्डू का आरोप है कि घटना के दिन रात के करीब 10 बजे बच्चा घर में नहीं था. बच्चे की दादी उसके इंतजार में खाना नहीं खायी थी. पुछने पर बच्चे के नहीं होने और गांव के दो व्यक्तियों के साथ बाहर जाने की बात सामने आने पर मोबाइल फ़ोन से संबधित व्यक्तियों को कॉल किया गया. कॉल में गोल मोल जवाब देते हुए रात के करीब 11:30 बजे बच्चे को वापस लेकर आए. बच्चे ने परिजनों को बताया की सम्बंधित व्यक्ति बच्चे को गाँव में मौजूद एक बड़े बरगत के पेड़ के नीचे ले गये. आँखों में काली पट्टी बाँधी और मांथे में तिलक लगाकर पूजा पाठ करवाया गया. जिसके बाद उसे गांव से जगदलपुर शहर में स्थित किसी खपरे के घर में ले जाया गया. जहाँ दुबारा उसी कार्यों को दोहराया. व्यक्ति के पास बार बार परिजन कॉल कर रहे थे. जिसके कारण फिर बच्चे को घर में छोड़ दिया गया. परिजनों का कहना है कि घटना सामने आने के बाद गांव में पंचायत भी बुलाई गई थी. पंचायत में दोनों कथित आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल किया था. जिसके बाद पंचायत की कार्रवाई से असंतुष्ट होकर परिजनों ने नगरनार थाने में शिकायत की. लेकिन शुरुआती दौर में कार्रवाई नहीं हुई. जिसके बाद एसपी कार्यालय का रुख करना पड़ा.
ग्रामीण रामचरण सेठिया ने आरोप लगाया है कि इस बच्चे को नरबली के लिए तैयार किया गया था. परिजन और ग्रामवासी बच्चे की सुरक्षा चाहते हैं. बच्चे को कुछ भी न हो. देवी और तंत्र विद्या ऐसा है की करने के बाद बच्चे के साथ कुछ भी हो सकता है. देवी अपने आप बच्चे को बुला लेगी और बच्चा बुलाने पर चला जायेगा. जिसे कोई रोक नहीं पायेगा. इसीलिए दोषियों पर कार्रवाई हो और ऐसा घटना दुबारा किसी बच्चे के साथ नहीं घटे.
जगदलपुर सीएसपी सुमित कुमार का कहना है कि नगरनार थाना क्षेत्र के कोहकापाल में 12 वर्षीय बालक के साथ तंत्र विद्या किया गया. ताकि उन्हें सोने का हंडा मिले. अपराध पंजीबद्ध करके आरोपियों को पकड़कर पूछताछ किया गया. जिसके बाद पुलिस ने बुधवार देर शाम मामले में दो नामजद आरोपियों और एक बाबा के खिलाफ जिसने तंत्र विद्या किया था, भारतीय न्याय संहिता यानी BNS की धारा 127/2, 137/2, 350/1/2 और शेक्शन 3 व 5 के तहत FIR दर्ज की है. फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है. शुरुआती जांच में इस मामले में अन्य लोगों की संभावित भूमिका की बात भी सामने आई है. जिसके तहत आरोपियों कि संख्या बढ़ सकती है.

फिलहाल कोहकापाल का यह मामला अंधविश्वास, गड़ा धन पाने की कथित लालसा और एक मासूम की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर सवाल खड़ा करता है. अब सबकी नजर पुलिस जांच पर है कि इस घटना में किन किन लोगों की भूमिका सामने आती है और आगे क्या कार्रवाई की जाती है.