जगदलपुर. शहर के पथरागुड़ा इलाके में आज दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जिला पुलिस बल में तैनात एक जवान ने अपने ही घर में अपनी सर्विस एसएलआर राइफल से संदिग्ध परिस्थितियों में गोली चला दी. दोपहर करीब 1:30 बजे हुई इस खौफनाक वारदात के बाद आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई. गोली की आवाज सुनते ही परिजन और पड़ोसी बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे, जहां जवान घायल अवस्था में पड़ा हुआ था.
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जवान को तत्काल महारानी अस्पताल पहुंचाया गया. शुरुआती दौर में बेहोशी की हालत को देखते हुए मामले की गंभीरता बढ़ी और पुलिस विभाग के आला अधिकारी भी आनन-फानन में मौके पर पहुंचे. घायल जवान शहर में पदस्थ एक प्रशिक्षु डीएसपी का गनमैन बताया जा रहा है. हालांकि, बाद में सीएसपी द्वारा स्थिति स्पष्ट करते हुए राहत भरी खबर दी गई. सीएसपी ने बताया कि जवान को केवल हल्की चोट आई है और वह पूरी तरह खतरे से बाहर है. फिलहाल महारानी अस्पताल में उसका इलाज जारी है और उसकी हालत स्थिर बनी हुई है. जवान ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी अज्ञात है.