जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी)। बीते दो दिनों पहले शनिवार को बस्तर पुलिस ने लाखों रुपयों का गांजा परिवहन करते एक तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही पुलिस ने तस्कर के पास से एक लक्ज़री कार को भी जब्त किया है।
सीएसपी हेमसागर सिदार ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की एक्सयूवी 500 कार में एक युवक संदिग्ध सामान लेकर ओड़िसा के मलकानगिरी की तरफ से छिंदगढ़, कुकानार होते हुए जगदलपुर की ओर जा रहा है। मुखबिर से सूचना मिलते ही बस्तर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश पर दरभा टीआई शिशुपाल सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम तैयार की गई। इसके बाद पुलिस की उक्त टीम तुरंत ही एनएच 30 में स्थित फारेस्ट नाका के लिए रवाना हो गई। फारेस्ट नाका पहुंचते ही पुलिस ने नाकेबंदी करते हुए वहां से गुजरने वाले वाहनों की तलाशी लेना शुरू कर दिया। इसी दौरान पुलिस ने सुकमा की तरफ से आ रही एक सफेद रंग की एक्सयूवी 500 कार एमएच 46 पी 5655 को जांच के लिए रोका। रोकने के बाद पुलिस ने चालक से पूछताछ करते हुए कार की तलाशी ली। तलाशी में पुलिस ने कार में छुपाकर रखा लगभग 28 किलो गांजा बरामद किया। जिसकी कीमत 1 लाख 41 हजार रुपये से अधिक आंकी गई है। इसके बाद पुलिस ने वाहन चालक को पकड़ लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपी पुनीत यादव (27) निवासी बुरहानपुर (मप्र) ने अपना जुर्म कबूल करते हुए पुलिस को बताया कि वह गांजा ओड़िसा के मलकानगिरी से खरीदकर एमपी में बेचने की फिराक में जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने एनडीपीएस की धारा 20 (ख) के तहत मामला दर्ज करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया है।