स्वतंत्रता दिवस समारोह में निखरे बस्तर के रंग, माता रुक्मणी आश्रम प्रथम और संस्कार द गुरुकुल रहा दूसरे स्थान पर

जगदलपुर. शहर के ऐतिहासिक लालबाग मैदान में आयोजित भव्य स्वतंत्रता दिवस समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही. उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के मुख्य आतिथ्य और प्रशासनिक अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की गरिमामय मौजूदगी में 25 से अधिक विद्यालयों के विद्यार्थियों ने अपनी देशभक्ति और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया. कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच माता रुक्मणी कन्या आश्रम ने अपने शानदार प्रदर्शन के बल पर प्रथम स्थान हासिल किया, वहीं निर्मल विद्यालय हायर सेकेंडरी स्कूल को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ.

​इस भव्य आयोजन का मुख्य आकर्षण संस्कार द गुरुकुल, चिड़ईपदर बस्तर के 100 से अधिक छात्र-छात्राओं की सामूहिक लोक नृत्य प्रस्तुति रही. बस्तर की समृद्ध लोक-संस्कृति, परंपरा और पड़ोसी राज्य ओडिशा के लोक गीतों के सुमधुर संगम पर पारंपरिक परिधानों में सजे बच्चों ने अद्भुत तालमेल और ऊर्जा का प्रदर्शन करते हुए सभी का मन मोह लिया. इस मंत्रमुग्ध कर देने वाली प्रस्तुति के दम पर संस्कार द गुरुकुल ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर पूरे विद्यालय परिवार का नाम रोशन किया. यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन, शिक्षकों के समर्पण और संस्थान की सांस्कृतिक सोच का परिणाम है.

​इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विद्यालय के चेयरमैन रतन लाल जैन, डायरेक्टर अमित कुमार जैन, प्राचार्य हेमलता खेड़कर और वाइस प्रिंसिपल वीरेंद्र भारद्वाज ने सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं एवं डांस टीचर सुभाष सिंह को संयुक्त रूप से हार्दिक बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles