जगदलपुर. गुटखे का चस्का इंसानों से क्या-क्या न करवा दे! जिले के एक थाने से एक ऐसा ही अनोखा और चटपटा मामला सामने आया है, जहां पुलिस को एक अजीबोगरीब सिरफुटौव्वल की गुत्थी सुलझाने में अपना दिमाग खपाना पड़ रहा है. मामला जिले के ही एक थाना क्षेत्र के एक गांव का है, सूत्रों के मुताबिक जहां किसी बड़े पुराने विवाद या जमीन-जायदाद के चक्कर में नहीं, बल्कि महज़ एक पुड़िया गुटखे को लेकर दो पक्षों के बीच तीखी महाभारत छिड़ गई. बात सिर्फ ज़ुबानी कहासुनी तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि देखते ही देखते गाली-गलौज और जान से मारने की धमकियों का दौर शुरू हो गया. आलम यह हो गया कि आरोपियों ने आव-देखा-न-ताव और गुटखे की तलब में दूसरे पक्ष पर लात-घूंसे बरसाने शुरू कर दिए.
अब गुटखा मिले न मिले, लेकिन मारपीट के बाद पीड़ितों को सीधे पुलिस स्टेशन की राह ज़रूर मिल गई. पुलिस ने भी मामले की गंभीरता (या गुटखे की इस महान कीमत) को समझते हुए भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है. फिलहाल पुलिस के द्वारा इस ‘गुटखा कांड’ की गहराई से तफ्तीश की जा रही हैं. अब गांव में हर कोई यही फुसफुसा रहा है कि एक चुटकी गुटखे की कीमत अब थाने के चक्कर लगाकर चुकानी पड़ेगी, इसलिए अगली बार किसी से भी गुटखा मांगने से पहले इंसान को सौ बार सोचना ज़रूर पड़ेगा!