जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी)। बस्तर पुलिस के द्वारा जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस ने आज रविवार को हजारों रुपयों के गांजे की तस्करी करते एक तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
सीएसपी विकास कुमार ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति संदिग्ध सामान लेकर ओड़िसा से यात्री बस में सवार होकर जगदलपुर की तरफ जा रहा है। सूचना मिलते ही नगरनार टीआई जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम को तत्काल ही एनएच 63 में स्थित धनपुंजी फारेस्ट नाका के लिए रवाना किया गया। इसके बाद पुलिस की टीम ने नाकेबंदी करते हुए वहां से गुजरने वाले वाहनों की तलाशी लेना शुरू किया। इसी दौरान पुलिस ने ओड़िसा की ओर से आ रही एक यात्री बस को चेकिंग के लिए रोक लिया। मुखबिर के द्वारा बताए गए हुलिए के मुताबिक पुलिस ने बस में सवार एक संदिग्ध यात्री को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने उससे पूछताछ करते हुए उसके बैग की तलाशी ली। तलाशी में पुलिस ने उसके बैग से 3 किलो से अधिक की मात्रा में गांजा बरामद किया। जिसकी कीमत 35 हजार रुपये बताई गई है। कड़ी पूछताछ में आरोपी सीताराम जोशी (52) निवासी एमपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए पुलिस को बताया कि वह यह गांजा ओड़िसा से खरीदकर एमपी में खपाने की फिराक में था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस ने एनडीपीएस की धारा 20 (ख) के तहत मामला दर्ज करते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।