बस्तर में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर बिखरी राष्ट्रभक्ति की छटा, लालबाग मैदान में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने फहराया तिरंगा

जगदलपुर. बस्तर जिले के ऐतिहासिक लालबाग मैदान में 80वां स्वतंत्रता दिवस बेहद गरिमामय, हर्षोल्लास और राष्ट्रभक्ति के माहौल में धूमधाम से मनाया गया. मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ध्वजारोहण कर परेड की भव्य सलामी ली और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का प्रदेश की जनता के नाम संदेश पढ़ा.

​इस अवसर पर देशभक्ति के तरानों के बीच परेड कमांडर प्रवीण भारती के नेतृत्व में 16 प्लाटूनों ने आकर्षक और अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत किया. शस्त्र सहित बल की श्रेणी में शानदार प्रदर्शन करते हुए सीआरपीएफ 241 महिला बटालियन सेड़वा ने पहला स्थान हासिल किया, वहीं शस्त्र रहित श्रेणी में एनसीसी पीएम श्री सेजेस जूनियर डिवीजन धरमपुरा ने बाजी मारी. परेड के साथ-साथ स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों से लालबाग मैदान का माहौल संगीतमय कर दिया, जिसमें माता रुक्मणी कन्या आश्रम डिमरापाल के नन्हे कलाकारों ने अपने मंत्रमुग्ध कर देने वाले अभिनय से पहला पुरस्कार अपने नाम किया.

​समारोह में परंपरा और संवेदना का अद्भुत संगम भी देखने को मिला, जब मुख्य अतिथि ने नक्सल हिंसा में शहीद हुए जवानों के परिजनों को शाल और श्रीफल भेंटकर भावुक सम्मान दिया. साथ ही उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सराहा गया. इस ऐतिहासिक पल के गवाह बस्तर कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी बद्रीनारायण मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा, एसपी शलभ सिन्हा सहित भारी संख्या में पहुंचे स्थानीय नागरिक और जनप्रतिनिधि बने.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles