दंतेवाड़ा (लुभम निर्मलकर). गुम हुए मोबाइल फोन को लेकर परेशान नागरिकों के लिए दंतेवाड़ा पुलिस ने बड़ी सौगात दी है. पुलिस ने “इया आपलो सामान निया” अभियान के तहत 121 गुम मोबाइल बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपे हैं. बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत 26 लाख रुपये से अधिक बताई गई है.
दंतेवाड़ा पुलिस ने सिर्फ जिले में गुम हुए मोबाइल ही नहीं, बल्कि जगदलपुर, सुकमा, बीजापुर और कोंडागांव से गुम हुए मोबाइल भी बरामद किए हैं. मोबाइलों की तलाश CEIR पोर्टल के माध्यम से की गई. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र खूंटे एवं साइबर सेल नोडल अधिकारी उप पुलिस अधीक्षक ठाकुर गौरव सिंह के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे गुम मोबाइल तलाश अभियान के तहत की गई. लंबे समय से अपने मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद लगाए बैठे लोगों को जब पुलिस ने उनके मोबाइल सौंपे तो उनके चेहरे पर खुशी साफ नजर आई. पुलिस की इस पहल से नागरिकों ने दंतेवाड़ा पुलिस का आभार जताया.
दंतेवाड़ा पुलिस ने साइबर अपराधों की शिकायत के लिए 9479151665 हेल्पलाइन नंबर जारी किया है. इसके अलावा नागरिक राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 और cybercrime.gov.in के माध्यम से भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं. पुलिस ने “साइबर हेल्पलाइन दंतेवाड़ा” नाम से व्हाट्सऐप अकाउंट भी बनाया है, जहां नागरिक साइबर अपराध से जुड़ी शिकायत दर्ज करा सकते हैं. शिकायत दर्ज होने के बाद शिकायतकर्ता को व्हाट्सऐप के माध्यम से एक्नॉलेजमेंट नंबर उपलब्ध कराया जाएगा. साइबर अपराध के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए पुलिस ने “साइबर संगवारी दंतेवाड़ा” नाम से व्हाट्सऐप चैनल शुरू किया है. इस चैनल के माध्यम से लोगों को लगातार साइबर अपराधों और उनसे बचाव के तरीकों की जानकारी दी जाएगी.
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि संदिग्ध कॉल, मैसेज और लिंक से सावधान रहें। बैंक अकाउंट या सोशल मीडिया अकाउंट में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 9479151665 पर संपर्क करें.