दंतेवाड़ा (लुभम निर्मलकर). कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी को लेकर भाजपा सांसद कंगना रनौत की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में शुक्रवार को महिला कांग्रेस ने दंतेवाड़ा में जोरदार प्रदर्शन किया. महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने बस स्टैंड पहुंचकर कंगना रनौत के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनका पुतला दहन कर विरोध जताया.
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए इसे महिलाओं तथा देश की वरिष्ठ महिला नेता के सम्मान के खिलाफ बताया. महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव एवं जिला पंचायत सदस्य तुलिका कर्मा ने कहा कि सोनिया गांधी देश की वरिष्ठ और सम्मानित राजनीतिक नेता हैं. उनके खिलाफ इस तरह की टिप्पणी करना दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हो सकते हैं, लेकिन महिलाओं के सम्मान और गरिमा से समझौता नहीं किया जा सकता. तुलिका कर्मा ने कहा कि भाजपा को अपने सांसद की टिप्पणी पर संज्ञान लेते हुए जवाब देना चाहिए. उन्होंने मांग की कि कंगना रनौत अपनी टिप्पणी वापस लें और सार्वजनिक रूप से माफी मांगें.
जिला पंचायत सदस्य सुलोचना कर्मा ने कहा कि महिलाओं के सम्मान की बात करने वाली भाजपा को पहले अपने नेताओं के बयानों पर लगाम लगानी चाहिए. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विचारों की लड़ाई हो सकती है, लेकिन व्यक्तिगत और अपमानजनक टिप्पणी की कोई जगह नहीं है.
शहर कांग्रेस अध्यक्ष इंदिरा शर्मा ने कहा कि कंगना रनौत को अपने पद की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए. उन्होंने कहा कि देश की राजनीति में सोनिया गांधी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है और उनके खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करना दुर्भाग्यपूर्ण है. महिला कांग्रेस ऐसी भाषा और मानसिकता के खिलाफ लगातार आवाज उठाती रहेगी.
प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मांग की कि कंगना रनौत अपनी टिप्पणी वापस लेकर महिलाओं से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें. कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर महिला कांग्रेस द्वारा आगामी दिनों में बड़ा आंदोलन किया जाएगा.
इस दौरान वरिष्ठ नेता छविंद्र कर्मा, भास्कर राठौर, मनोज कौरव, प्रवीण राणा, इंद्रा ठाकुर, राधा नाग, एन. नागराज, संजय विश्वकर्मा, विवेक देवांगन, सत्यभान सिंह जादौन, रवि कर्मा, आसिफ रजा, कविश कर्मा, वेदांत पांडे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.