जगदलपुर. स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर शहर देशभक्ति, उत्साह और खेल भावना के अनूठे रंग में रंगा नजर आया. जिला प्रशासन तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित स्वतंत्रता दौड़ में महापौर, कमिश्नर और वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर खिलाड़ियों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों ने भारी संख्या में भाग लिया.

कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 8 बजे सिरहासार भवन स्थित शहीद स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुआ. इसके बाद अतिथियों ने ऐतिहासिक माँ दंतेश्वरी मंदिर परिसर से हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया. माँ दंतेश्वरी मंदिर से शुरू होकर यह दौड़ संजय मार्केट, हनुमान मंदिर, हाता ग्राउंड, चांदनी चौक, शहीद पार्क, पुराना बस स्टैंड, एसबीआई चौक, मेन रोड, गोल बाजार और मिताली चौक जैसे शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए वापस मंदिर परिसर में ही समाप्त हुई. पूरे रास्ते प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बनता था. इस गरिमामय आयोजन में महापौर संजय पांडेय, बस्तर कमिश्नर डोमन सिंह, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, जिला पंचायत सीईओ तन्मय खन्ना और अपर कलेक्टर सीपी बघेल सहित पुलिस ट्रेनिंग सेंटर, होमगार्ड के जवान और विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधि मौजूद रहे. युवाओं में राष्ट्रप्रेम, स्वस्थ जीवनशैली और खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस दौड़ के समापन पर एक विशेष पहल भी देखने को मिली, जहाँ उपस्थित सभी अधिकारियों और शहरवासियों ने मिलकर ‘टीबी मुक्त छत्तीसगढ़’ का संकल्प लिया.