बस्तर की बेटियाँ भरेंगी सफलता की ऊँची उड़ान, बेंगलुरु की फॉक्सकॉन कंपनी में 12 युवतियों का चयन

जगदलपुर. बस्तर की युवा प्रतिभाएं अब देश के अग्रणी औद्योगिक मंचों पर अपना परचम लहराने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. जिला प्रशासन बस्तर के सतत और सार्थक प्रयासों के फलस्वरूप जिले की 12 युवतियों का चयन विश्व प्रसिद्ध इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माता कंपनी फॉक्सकॉन, बेंगलुरु में हुआ है. इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर कलेक्टरेट में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर आकाश छिकारा ने चयनित बेटियों को नियुक्ति पत्र सौंपकर उनके सफल, सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य की कामना की. इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय खन्ना एवं सहायक कलेक्टर यशवंत नायक भी विशेष रूप से उपस्थित थे.

​कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर आकाश छिकारा ने सभी चयनित युवतियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी चयन प्रक्रिया की जानकारी ली और उनका हौसला बढ़ाया. उन्होंने युवतियों को आश्वस्त किया कि दूसरे शहर में कार्य करने के दौरान यदि उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या या चुनौती का सामना करना पड़े, तो वे बिना किसी झिझक के तत्काल जिला प्रशासन को सूचित करें, क्योंकि प्रशासन हर कदम पर उनकी सुरक्षा और सहयोग के लिए ढाल बनकर खड़ा रहेगा. वहीं जिला पंचायत सीईओ तन्मय खन्ना ने युवतियों को कार्यस्थल पर पूरी निष्ठा, लगन और ईमानदारी से काम सीखने की सलाह देते हुए कहा कि यहाँ प्राप्त बेहतर अनुभव भविष्य में प्रगति के नए अवसर दिलाएगा. सहायक कलेक्टर यशवंत नायक ने भी बेटियों को निडर रहकर, पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और हर परिस्थिति में निरंतर सीखते रहने का संदेश दिया.

​इस बड़ी सफलता के पीछे जिला प्रशासन के विभिन्न घटकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है. चयनित युवतियों में से कुछ ने जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज जगदलपुर से कौशल प्रशिक्षण प्राप्त किया था, जबकि अन्य युवतियाँ लाइवलीहुड कॉलेज द्वारा आयोजित प्लेसमेंट कैंप के माध्यम से इस अवसर से जुड़ीं. इस पूरे सफर में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की दीदियों ने युवतियों को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया, वहीं स्वयंसेवी संगठन ‘प्रदान’ की टीम ने संपूर्ण प्लेसमेंट प्रक्रिया को सुगम बनाने में अहम भूमिका निभाई. बस्तर की इन बेटियों की यह सफलता न केवल उनके परिवारों को आर्थिक मजबूती प्रदान करेगी, बल्कि पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए स्वावलंबन का एक नया मार्ग भी प्रशस्त करेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles