जगदलपुर (डेस्क) – मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस अभियान को एक बड़ी सफलता मिली है. बस्तर के नगरनार थाना पुलिस ने एक आयशर ट्रक से भारी मात्रा में अवैध गांजा जब्त किया है, जिसकी बाजार कीमत ₹7,30,800 बताई जा रही है. इस मामले में मध्य प्रदेश के एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जिसने तस्करी के लिए ‘टनफिक्स पेचिंग मास’ (रिफेक्टरी मटेरियल) जैसे सामान की आड़ ली थी.
ऐसे हुआ भांडाफोड़
मामला बीते कल सोमवार का है. पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर, नगर पुलिस अधीक्षक सुमीत कुमार डी धोत्रे के मार्गदर्शन में थाना नगरनार पुलिस टीम ने उड़ीसा से छत्तीसगढ़ में होने वाली गांजा तस्करी पर नकेल कसने के लिए धनपुंजी फारेस्ट नाका, NH-63 पर नाकाबंदी की.
मुखबिर की पुख्ता सूचना पर, पुलिस ने एक गोल्डन ब्राउन कलर के आयशर 1114 ट्रक (क्रं.MP-09-GH-4428) को रोका. ट्रक चालक, मुराद साह (30 वर्ष, निवासी राजगढ़, म.प्र.) से पूछताछ की गई.
टाल-मटोल नही आई काम !
जब पुलिस टीम ने ट्रक के डाला की तलाशी ली, तो एक हैरान कर देने वाला नजारा सामने आया. तस्कर ने बेहद शातिर तरीके से तस्करी को अंजाम देने की कोशिश की थी. ट्रक में 08 बड़े प्लास्टिक बैग में ‘टनफिक्स पेचिंग मास’ भरा हुआ था, जो भट्टी या चिमनी में इस्तेमाल होने वाला एक औद्योगिक पदार्थ होता है. इसी भारी भरकम सामान की आड़ में उसने 03 प्लास्टिक बोरी और एक थैले में 33 पैकेट में 73.080 किलोग्राम गांजा छिपा रखा था.
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए, न सिर्फ गांजा बल्कि तस्करी में प्रयुक्त ट्रक (कीमत ₹10 लाख), मोबाइल फोन और नगदी रकम ₹2,300 सहित कुल ₹17,43,100 का माल जब्त कर लिया.
ओडिसा से भोपाल था गंतव्य
प्राथमिक जांच में पता चला है कि आरोपी मुराद साह यह गांजा उड़ीसा प्रांत से लेकर छत्तीसगढ़ के रास्ते होते हुए मध्य प्रदेश के भोपाल तक पहुंचाने की फिराक में था. गांजा तस्करों द्वारा औद्योगिक सामान की आड़ लेकर परिवहन का यह नया तरीका पुलिस की मुस्तैदी के चलते नाकाम हो गया है.
आरोपी मुराद साह के खिलाफ थाना नगरनार में धारा 20 (ख) ii (ग) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है.