गनपत भारद्वाज, जगदलपुर- छत्तीसगढ़ सहित पूरे भारत देश में ठगी की वारदात बढ़ गई है. लगातार अलग-अलग राज्यों और छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों से घटनाएं निकलकर सामने आ रही है. ठग इन दिनों अलग-अलग रणनीति तैयार करके वारदात को अंजाम दे रहे हैं. बस्तर में यदि आपके घरों में साधु के भेष को कोई आता है और जाप कराने को कहता है तो सावधान हो जाइए. यह साधु नहीं बल्कि ठग हो सकते हैं. क्योंकि बस्तर में साधु के भेष में ठगी किया जा रहा है. बस्तर पुलिस ने साधुओं के भेष में ठगी करने वाले 6 ठग को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है. और उनके कब्जे से सोने का चैन और मारुति इको वाहन बरामद किया है.
बस्तर एएसपी महेश्वर नाग ने बताया कि 03 अगस्त को कोतवाली थाने में प्रार्थी अरुण कुमार वर्मा ने शिकायत दर्ज कराया था कि अज्ञात साधुओं ने एक सोने की चैन की धोखाधड़ी की है. इस शिकायत पर अपराधियों की खोजबीन पुलिस ने शुरू की. और सीसीटीवी फुटेज के जरिये पाया गया कि आरोपी मारुती इको में सवार होकर भागे. जिसके बाद विशेष टीम के द्वारा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को आंध्रप्रदेश के नंदिगामा जिला कृष्णा से गिरफ्तार किया गया. जिन्होंने ठगी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया. गिरफ्तार आरोपी सोहन नाथ, शंकर नाथ, सुरेश नाथ, विक्की नाथ, बालू कोर, हेमू नाग सभी मध्यप्रदेश के खरगौन ज़िले के निवासी है. गिरफ्तार आरोपी सुरेश नाथ आदतन अपराधी था. जिसके ऊपर पूरे देशभर में 25 अपराध पंजीबद्ध है. सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 318 (4) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध करके न्यायिक रिमांड में भेज भेज दिया गया है.