जगदलपुर. बस्तर में गरीबों के हक के राशन पर डाका डालने वाले मुनाफाखोरों के खिलाफ खाद्य विभाग ने एक और बड़ा धमाका किया है. अनुपमा चौक के पास भवानी चाट भंडार के पीछे स्थित एक गोदाम पर अचानक टीम ने रंगे हाथों पीडीएस चावल का अवैध खेल उजागर कर दिया. जब खाद्य विभाग की टीम ने गोदाम में दबिश दी, तब सीधे गोदाम से सरकारी राशन को ट्रक में लोड किया जा रहा था. इस कार्रवाई में लगभग 186 क्विंटल यानी 378 बोरी पीडीएस चावल और 6 बोरी चना समेत एक ट्रक को जब्त कर लिया गया है, जिसकी कुल कीमत साढ़े सात लाख रुपये से अधिक आंकी गई है. पकड़े गए वाहन को सिटी कोतवाली पुलिस के सुपुर्द करने की कागजी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

महज 72 घंटे के भीतर यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है, जिसने पूरे शहर के अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा दिया है. इससे पहले बुधवार को भी एक पिकअप से 1.50 लाख रुपये कीमत की 80 बोरी पीडीएस चावल बरामद की गई थी. लगातार हो रही ये जब्तियां इस बात का सीधा प्रमाण हैं कि बस्तर में गरीबों के अनाज की कालाबाजारी का खेल बेहद सुनियोजित और बड़े पैमाने पर चल रहा है.

शुरुआती पूछताछ के दौरान गोदाम संचालक मोहम्मद जिलानी ने हाट-बाजारों से फुटकर खरीदी का बहाना बनाकर बचने की कोशिश की, लेकिन खाद्य विभाग इस दावे की गहराई से पड़ताल कर रहा है. असल सवाल यह खड़ा होता है कि गरीबों के लिए आवंटित इतना भारी-भरकम राशन आखिर सरकारी व्यवस्था से निकलकर खुले बाजार तक कैसे पहुंचा. क्या यह सिर्फ किसी छोटे बिचौलिए का काम है या फिर राशन वितरण प्रणाली से जुड़े बड़े मगरमच्छ भी इसमें शामिल हैं. खाद्य निरीक्षक घनश्याम राठौर, सहायक खाद्य निरीक्षक दिव्या रानी और पायल वर्मा की टीम ने सख्त लहजे में साफ कर दिया है कि गरीबों के राशन पर बुरी नजर डालने वाले इस सिंडिकेट के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा.