जगदलपुर (डेस्क) – जिले के बस्तर थाना क्षेत्र के बस्तर चौक पर एक थोक किराना दुकान में हुई चोरी की घटना ने सबको हैरान कर दिया है. यह चोरी सामान्य नहीं थी, बल्कि ऐसा लगता है जैसे किसी ‘भारी शौकीन’ या ‘तंबाकू प्रेमी’ चोर ने वारदात को अंजाम दिया है. दुकान में लाखों का अन्य सामान भरा होने के बावजूद, चोर ने मुख्य रूप से गुटखा और सिगरेट के स्टॉक पर ही अपना ध्यान केंद्रित किया.
छत में सेंधमारी, लाखों के माल पर नजर नहीं
मिली जानकारी के अनुसार, किराना दुकान संचालक ने बीते 28 अक्टूबर की रात करीब 9:30 बजे दुकान बंद की थी. अगली सुबह 8 बजे जब वह दुकान खोलने पहुंचे, तो उनके होश उड़ गए. दुकान का शटर तो सुरक्षित था, लेकिन छत का टिना सीट गायब था!
अज्ञात चोर ने फिल्मों की तरह छत से दुकान में एंट्री मारी. सूत्रों के अनुसार दुकान मालिक ने पुलिस को बताया कि अंदर का सारा सामान बिखरा हुआ था, लेकिन जब मिलान किया गया तो पता चला कि चोरों ने चुन-चुनकर केवल ‘तलब वाले’ सामान को ही साफ़ किया है.
‘धुंआ और गुटखा’ था पहला प्यार!
चोरी गए सामान का ब्यौरा वाकई हास्यास्पद है:
तम्बाकू प्रेम : सभी ब्रांड की सिगरेट के लगभग 18 से 19 पुड़े गायब.
गुटखा प्रेम : 70 पैकेट राजश्री गुटखा और आशिकी गुटखा की बड़ी खेप भी गायब.
इन ‘धुएं और गुटखे’ की कुल कीमत 65,000 से 68,000 रुपए के बीच बताई गई है. अज्ञात चोर ने जल्दबाजी में दुकान के गल्ले में रखे 7,000 से 8,000 रुपए के चिल्हर नोट भी समेट लिए.
सूत्रों का मानना है कि चोर शायद ‘चैन-स्मोकर’ था, जिसे पैसे से ज्यादा अपनी ‘तंबाकू की सप्लाई’ की चिंता थी. फिलहाल, पुलिस ने अज्ञात ‘तलबगार’ चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है.